देसी कंपनी Lava ने भारत में अपना नया बजट स्मार्टफोन Lava Smart 4 लॉन्च कर दिया है. कंपनी के Smart लाइनअप में शामिल इस नए फोन को एक ही रैम और स्टोरेज वैरिएंट में पेश किया गया है. इस फोन में 5000mAh की बैटरी, 6.56 इंच का डिस्प्ले, 4G कनेक्टिविटी और ऑक्टा-कोर Unisoc प्रोसेसर दिया गया है. आइए आपको फोन की कीमत और बाकी फीचर्स के बारे में बताते हैं.
Lava Smart 4 की कीमत और उपलब्धता
Lava Smart 4 की भारत में कीमत 8,499 रुपये रखी गई है. ये कीमत फोन के 3GB रैम और 32GB स्टोरेज वाले एकमात्र वैरिएंट के लिए है. फोन को दो कलर ऑप्शन Ajanta Grey और Konark Gold में पेश किया गया है. कंपनी के मुताबिक, ये फोन देशभर के सभी ऑफलाइन रिटेलर्स और सर्विस प्रोवाइडर्स के जरिए फाइनेंशियल स्कीम के साथ उपलब्ध होगा.
Lava ने नए फोन के साथ फ्री डोरस्टेप आफ्टर-सेल्स सर्विस देने की भी पुष्टि की है. आपको बता दें कि कंपनी हाल ही में लॉन्च किए गए अपने दूसरे फोन में भी इस तरह की सर्विस दे रही है. इससे पहले Lava ने जून 2026 में Lava Smart 4 Plus लॉन्च किया था. इसकी कीमत 9,999 रुपये रखी गई थी और इसमें 4GB रैम के साथ 64GB स्टोरेज दिया गया था.
Lava Smart 4 के स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स
Lava Smart 4 डुअल-सिम सपोर्ट के साथ आता है. इस फोन में Android 16 Go दिया गया है. कंपनी ने इस फोन के लिए दो साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा किया है. ये स्मार्टफोन में 6.56 इंच का qHD डिस्प्ले दिया गया है. हालांकि, कंपनी ने इस डिस्प्ले की रिफ्रेश रेट जैसी अन्य जानकारी शेयर नहीं की है.
इस फोन में Unisoc SC9863A प्रोसेसर दिया गया है. इसके साथ 3GB रैम और 32GB इंटरनल स्टोरेज मिलती है. फोन में 3GB वर्चुअल रैम का सपोर्ट भी दिया गया है. इसका मतलब है कि जरूरत पड़ने पर फोन की रैम क्षमता को वर्चुअल रैम की मदद से बढ़ाया जा सकता है. हालांकि, आपको बता दें कि वर्चुअल रैम वास्तविक रैम की तरह परफॉर्मेंस नहीं देती है.
8MP रियर कैमरा और 5MP सेल्फी कैमरा
कैमरा की बात करें तो Lava Smart 4 में पीछे की तरफ 8 मेगापिक्सल का रियर कैमरा दिया गया है. वहीं सेल्फी और वीडियो चैट के लिए फोन में 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है. फोन में 4G कनेक्टिविटी का सपोर्ट दिया गया है. इसके अलावा स्मार्टफोन को MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड सर्टिफिकेशन भी मिला है. कंपनी के मुताबिक, ये सर्टिफिकेशन फोन की मजबूती और अलग-अलग परिस्थितियों में टिकने की क्षमता से जुड़ा है.
5000mAh बैटरी और Type-C चार्जिंग
Lava Smart 4 में 5000mAh की बैटरी दी गई है. फोन 10W चार्जिंग को सपोर्ट करता है. चार्जिंग के लिए इसमें USB Type-C पोर्ट दिया गया है. इस कीमत वाले फोन में Type-C पोर्ट मिलने से यूजर्स को पुराने Micro-USB केबल पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. फोन का बैटरी पैकेज उन यूजर्स के लिए उपयोगी हो सकता है जो ज्यादा समय तक फोन का इस्तेमाल करना चाहते हैं और बार-बार चार्जिंग से बचना चाहते हैं.
किसके लिए है Lava Smart 4?
8,499 की कीमत पर Lava Smart 4 कंपनी के किफायती स्मार्टफोन सेगमेंट को मजबूत करता है. फोन में 4G कनेक्टिविटी, 5000mAh बैटरी, Type-C चार्जिंग, Android 16 Go और 3GB रैम जैसे फीचर्स मिलते हैं. हालांकि, 32GB स्टोरेज आज के समय में काफी सीमित है. इसलिए अगर आप ज्यादा फोटो, वीडियो या ऐप्स इस्तेमाल करते हैं, तो स्टोरेज की कमी महसूस हो सकती है. दूसरी तरफ, बेसिक कॉलिंग, सोशल मीडिया, वीडियो देखने और रोजमर्रा के सामान्य इस्तेमाल के लिए यह फोन एक बजट विकल्प के तौर पर देखा जा सकता है.
ये भी पढ़ें- आपको भी आसानी से मिलेगा VIP मोबाइल नंबर? ये कंपनी दे रही मौका, जानें तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं