इंटरनेट की दुनिया में एक समय पर काफी लोकप्रिय रहा सर्च प्लेटफॉर्म Ask.com अब बंद हो गया है. करीब 30 साल बाद इस प्लेटफॉर्म ने 1 मई 2026 को अपना ऑपरेशन पूरी तरह बंद कर दिया. इसकी जानकारी खुद वेबसाइट पर जारी नोटिस के जरिए दी गई. इस प्लेटफॉर्म को बंद करने का फैसला इसकी पैरेंट कंपनी IAC ने लिया है. कंपनी ने बताया कि वह अब अपने सर्च बिजनेस को पूरी तरह बंद कर रही है और अपने फोकस को अन्य क्षेत्रों में शिफ्ट कर रही है. Ask.com ने करीब 25 साल तक यूजर्स के सवालों के जवाब देने का काम किया, लेकिन अब कंपनी को लगा कि इस बिजनेस को जारी रखना सही नहीं है.
Ask Jeeves से Ask.com तक का सफर
Ask.com की शुरुआत साल 1996 में 'Ask Jeeves' नाम से हुई थी. उस समय यह प्लेटफॉर्म काफी अलग था, क्योंकि इसमें यूजर्स सीधे सवाल लिखकर जवाब पा सकते थे, जबकि बाकी सर्च इंजन सिर्फ कीवर्ड पर काम करते थे. यह तरीका आज के AI सिस्टम जैसा ही था, जहां आप बातचीत के अंदाज में सवाल पूछते हैं. साल 2005 में IAC ने इसे खरीदा और बाद में इसका नाम बदलकर Ask.com कर दिया. 2010 तक आते-आते कंपनी ने अपने सर्च ऑपरेशन को कम कर दिया और इसे एक सवाल-जवाब प्लेटफॉर्म की तरह इस्तेमाल करने लगी.
Google Gemini से हुआ 'डिजिटल प्यार' और 56 दिनों की बातचीत...फिर एक दुखभरा अंत!
क्यों बंद करना पड़ा यह प्लेटफॉर्म
समय के साथ सर्च इंजन की दुनिया में बहुत बदलाव आया. Google जैसे बड़े प्लेटफॉर्म्स ने तेजी से मार्केट पर कब्जा कर लिया और यूजर्स को ज्यादा तेज और सटीक रिजल्ट देने लगे. इसके अलावा, नई AI तकनीकों ने भी सर्च के तरीके को बदल दिया. इन सब कारणों से Ask.com धीरे-धीरे अपनी पहचान खोता गया और यूजर्स कम होते गए. यही वजह रही कि कंपनी ने इसे बंद करने का फैसला लिया.
Ask.com का बंद होना दिखाता है कि टेक्नोलॉजी की दुनिया में बदलाव कितना तेज होता है. जो प्लेटफॉर्म कभी सबसे आगे थे, वे समय के साथ पीछे भी छूट सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं