विज्ञापन

बैटरी या AI फीचर्स.. स्मार्टफोन खरीदने से पहले क्या देखते हैं खरीदार? Amazon ने बताया

Amazon के सर्वे में भारतीय स्मार्टफोन खरीदारों की पसंद सामने आई. रिपोर्ट के अनुसार, 82% लोगों के लिए AI अहम है, नए फोन के लिए जबकि 3 में से 1 यूजर 50 हजार से ज्यादा खर्च करने के लिए तैयार है.

बैटरी या AI फीचर्स.. स्मार्टफोन खरीदने से पहले क्या देखते हैं खरीदार? Amazon  ने बताया

भारत में स्मार्टफोन खरीदने वाले लोगों के लिए AI फीचर्स अब सिर्फ एडिशनल फीचर्स नहीं रह गए हैं. Amazon के ताजा Best in Tech Survey के मुताबिक, 82 प्रतिशत खरीदारों के स्मार्टफोन खरीदने के फैसले पर AI फीचर्स का असर पड़ता है. कंपनी ने दावा किया है कि सर्वे में 40,000 से ज्यादा लोगों की राय शामिल की गई है. सर्वे के मुताबिक, फोन खरीदते समय परफॉर्मेंस और स्पीड, बैटरी लाइफ और कैमरा क्वालिटी सबसे ज्यादा मायने रखती है. वहीं, करीब तीन में से एक खरीदार अपने अगले स्मार्टफोन पर 50,000 रुपये या उससे ज्यादा खर्च करने पर विचार कर रहा है.

AI फीचर्स अब फोन खरीदने में बड़ी वजह

Amazon ने जुलाई में यह सर्वे किया था. इसमें स्मार्टफोन के अलावा लैपटॉप, टैबलेट, होम एंटरटेनमेंट, घरेलू उपकरण, वियरेबल और ऑडियो जैसी कैटेगरी को भी शामिल किया गया. सर्वे में 82 प्रतिशत लोगों ने कहा कि AI फीचर्स उनके स्मार्टफोन खरीदने के फैसले को प्रभावित करते हैं. AI फीचर्स में सबसे ज्यादा मांग रोजमर्रा की जरूरत के हिसाब से मदद करने वाली सुविधा की है. 25 प्रतिशत लोगों ने इसे अपनी पहली पसंद बताया. इसके बाद 18 प्रतिशत लोगों ने जनरेटिव फोटो एडिटिंग को पसंद किया.

वहीं, 17 प्रतिशत लोग विजुअल सर्च को पसंद करते हैं, जबकि 11 प्रतिशत लोगों ने बैटरी को जरूरत के हिसाब से अपने आप बेहतर तरीके से चलाने वाली सुविधा को पसंद किया.

फोन खरीदते समय ये तीन चीजें सबसे जरूरी

Amazon के सर्वे में परफॉर्मेंस और स्पीड सबसे ऊपर रही. 87 प्रतिशत लोगों ने इसे फोन खरीदते समय सबसे महत्वपूर्ण फीचर बताया.
इसके बाद 79 प्रतिशत लोगों के लिए बैटरी लाइफ अहम रही. कैमरा क्वालिटी 77 प्रतिशत लोगों की पसंद रही. दिलचस्प बात ये है कि बैटरी लाइफ सिर्फ खरीदारी के समय सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला फीचर नहीं है, बल्कि मौजूदा फोन में सबसे बड़ी कमी भी इसी को बता रहे हैं.

22 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे अपने मौजूदा फोन में बैटरी लाइफ को बेहतर देखना चाहते हैं. जबकि 17 प्रतिशत लोगों ने कैमरा क्वालिटी और 12 प्रतिशत लोगों ने प्रदर्शन को सुधारने की जरूरत बताई.

3 में से 1 खरीदार 50 हजार से ज्यादा खर्च करेगा

सर्वे में प्रीमियम स्मार्टफोन को लेकर भी भारतीय खरीदारों की बढ़ती दिलचस्पी सामने आई है. करीब तीन में से एक खरीदार अगले स्मार्टफोन पर 50,000 रुपये या उससे ज्यादा खर्च करने पर विचार कर रहा है. इनमें 15 प्रतिशत लोग 50,000 से 75,000 रुपये के बीच का फोन खरीदना चाहते हैं, जबकि 17 प्रतिशत लोग 75,000 रुपये से ज्यादा कीमत वाले फोन पर विचार कर रहे हैं.

हालांकि, 25,000 से 50,000 रुपये वाला सेगमेंट अभी भी सबसे बड़ा है. 42 प्रतिशत खरीदार इसी कीमत वाले फोन पर विचार कर रहे हैं.
वहीं, 19 प्रतिशत लोगों की पसंद 15,000 से 25,000 रुपये वाला सेगमेंट है. 15,000 रुपये से कम कीमत वाले फोन खरीदने वालों की हिस्सेदारी सिर्फ 7 प्रतिशत रही.

लोग कितने समय बाद बदलते हैं स्मार्टफोन?

सर्वे के मुताबिक, 54 प्रतिशत लोग अपना स्मार्टफोन कम से कम दो साल तक इस्तेमाल करते हैं. वहीं, 48 प्रतिशत लोगों ने कहा कि वे अगले तीन महीने के भीतर अपना स्मार्टफोन बदलने की प्लानिंग कर रहे हैं. नया फोन खरीदते समय रिव्यू और रेटिंग भी काफी महत्वपूर्ण हैं. 47 प्रतिशत लोगों ने इन्हें खरीदारी के फैसले में अहम बताया. इसके मुकाबले 35 प्रतिशत लोगों के लिए कीमत और ऑफर ज्यादा महत्वपूर्ण रहे. Amazon के मुताबिक, सर्वे के नतीजों को सितंबर 2026 में होने वाले Best in Tech Awards के दूसरे वर्जन के लिए कैटेगरी चुनने में भी इस्तेमाल किया जाएगा.

ये भी पढ़ें- "Temple सबसे छोटा वियरेबल डिवाइस", दीपेंद्र गोयल ने की X पर घोषणा, करता है ये काम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amazon, Amazon Survey, Smartphone, Phone, Smartphone 30k
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com