चयन समिति ने टेस्ट शृंखला, ट्वेंटी-20 मैच और वनडे सीरीज में जहीर खान के विकल्प के तौर पर तेज गेंदबाज आरपी सिंह को टीम में चुना है।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नार्थम्पटन:
इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा शृंखला में अब तक खराब प्रदर्शन से जूझ रही भारतीय टीम को आज एक और बड़ा झटका लगा, जब तेज गेंदबाज जहीर खान मांसपेशियों में खिंचाव और टखने की चोट से उबरने में नाकाम रहने के बाद बाकी बचे दौरे से बाहर हो गए। बीसीसीआई ने एक बयान में कहा कि जहीर खान की दायें पैर की मांसपेशियों और दायें टखने में चोट है। उन्हें टखने की सर्जरी करानी होगी, जिसके बाद टखने और मांसपेशियों के लिए गहन रिहैबिलिटेशन से गुजरना होगा। बयान के अनुसार, पूरी तरह से उबरने में उन्हें कम से कम 14 से 16 हफ्ते लगेंगे। इसलिए वह मौजूदा टेस्ट सीरीज और इसके बाद होने वाले ट्वेंटी-20 और वनडे सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। 2008 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपना पिछला टेस्ट खेलने वाले आरपी सिंह को जहीर के विकल्प के तौर पर टेस्ट, वनडे और ट्वेंटी-20 टीम में शामिल किया गया है। सीमित ओवरों की शृंखला 31 अगस्त से शुरू हो रही है, जिस दिन दोनों टीमों के बीच एकमात्र ट्वेंटी-20 मैच खेला जाएगा। बीसीसीआई ने कहा कि अखिल भारतीय सीनियर चयन समिति ने टेस्ट शृंखला, ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय और एकदिवसीय शृंखला में उनके विकल्प के तौर पर आरपी सिंह को चुना है। आरपी सिंह जल्द से जल्द टीम से जुड़ेंगे। आरपी सिंह पिछले काफी समय से भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं और उन्होंने अपना अंतिम एकदिवसीय मैच पाकिस्तान के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी में 2009 में खेला था। लॉर्ड्स में 21 जुलाई को पहले टेस्ट के पहले दिन मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैदान से बाहर जाने वाले जहीर के 10 से 14 अगस्त तक बर्मिंघम में होने वाले तीसरे टेस्ट के लिए फिट होने की उम्मीद थी। यह तेज गेंदबाज अपनी फिटनेस को परखने के लिए नार्थम्पटनशर के खिलाफ शनिवार को संपन्न दो दिवसीय अभ्यास मैच में खेला था, लेकिन वह केवल तीन ओवर गेंदबाजी कर पाए, जिसमें उन्होंने 24 रन खर्च किए। इससे पहले ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह और युवराज सिंह पहले ही चोटों के कारण इंग्लैंड दौरे से बाहर हो गए हैं।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
क्रिकेट, जहीर खान, चोटिल, इंग्लैंड दौरा