विज्ञापन
This Article is From Aug 05, 2017

चीनी बॉक्‍सर जुल्फिकार के खिलाफ विजेंदर सिंह की निगाहें दोहरे खिताब पर

विजेंदर आत्मविश्वास से ओतप्रोत हैं और उन्होंने चीनी प्रतिद्वंद्वी को अनुभवहीन करार दिया. इस भारतीय मुक्केबाज ने वजन कराने के बाद कहा, ‘‘यह भारत बनाम चीन का मुकाबला है और मुझे कुछ कहने की जरूरत नहीं है.

चीनी बॉक्‍सर जुल्फिकार के खिलाफ विजेंदर सिंह की निगाहें दोहरे खिताब पर
विजेंदर सिंह के साथ जुल्फिकार मैमतअली
मुंबई: भारतीय मुक्केबाजी स्टार विजेंदर सिंह शनिवार को मुंबई में जब चीन के जुल्फिकार मैमतअली से भिड़ेंगे तो उनका लक्ष्य अपने अजेय अभियान को बरकरार रखकर अपना दूसरा खिताब जीतना होगा. यह 31 वर्षीय पूर्व ओलिंपिक कांस्य पदक विजेता शनिवार को अपने नौवें पेशेवर मुकाबले और डब्ल्यूबीओ एशिया पैसेफिक सुपर मिडिलवेट और जुल्फिकार के डब्ल्यूबीओ ओरिएंटल सुपर मिडिलवेट के रूप में दोहरा खिताब हासिल करने के लिये रिंग पर उतरेगा. विजेंदर ने इस मुकाबले के लिये अपने ट्रेनर ली बीयर्ड के साथ मैनचेस्टर में कड़ा अभ्यास किया था. विजेंदर ने मुकाबले का पहला टिकट दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर को उनके आवास पर जाकर दिया था.

विजेंदर आत्मविश्वास से ओतप्रोत हैं और उन्होंने चीनी प्रतिद्वंद्वी को अनुभवहीन करार दिया. इस भारतीय मुक्केबाज ने वजन कराने के बाद कहा, ‘‘यह भारत बनाम चीन का मुकाबला है और मुझे कुछ कहने की जरूरत नहीं है. मैं बेहद उत्साहित हूं. मैं जानता हूं कि पूरा भारतवर्ष मेरे साथ है.’’

उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘मैं पूरी तरह आश्वस्त हूं और उम्मीद है कि यह अच्छा मुकाबला होगा और भारत जीतेगा. गुरुवार रात मैंने अपना वजन मापा तो यह 78 किग्रा था. मेरा वजन 76.2 किग्रा होना चाहिए और इसलिए मैंने कुछ नहीं खाया. आज मेरा वजन 76 किग्रा है. मुझे अपने खाने पर पूरा ध्यान देना होगा.’’

इस भारतीय मुक्केबाज ने कहा कि वह अपने प्रतिद्वंद्वी के हिसाब से अपनी रणनीति तय करेंगे. विजेंदर ने कहा, ‘‘वह कैसा खेलेता है मेरी रणनीति इस पर निर्भर करेगी. मैं उसी हिसाब से खुद को ढाल लूंगा. हमने तकनीक में काफी बदलाव किया है और हमने इस पर काम किया.’’ आधिकारिक वजन शुक्रवार शाम को यहां किया गया. शनिवार को कुल मिलाकर सात मुकाबले होंगे. इस दौरान ओलिंपियन अखिल कुमार और जितेंदर कुमार पेशेवर मुक्केबाजी में पदार्पण करेंगे.

VIDEO: बॉक्‍सर विजेंदर सिंह से खास बातचीत

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vijender Singh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com