विज्ञापन
This Article is From Jun 27, 2017

जॉन मैकेनरो को सेरेना विलियम्‍स का जवाब, 'मैं आपका सम्‍मान करती हूं, कृपया मेरी प्राइवेसी का सम्‍मान कीजिए'

जॉन मैकेनरो को टेनिस का 'बेड बॉय' भी कहा जाता था. वे टेनिस कोर्ट पर विवादों के कारण भी खासे चर्चित रहे

जॉन मैकेनरो को सेरेना विलियम्‍स का जवाब, 'मैं आपका सम्‍मान करती हूं, कृपया मेरी प्राइवेसी का सम्‍मान कीजिए'
सेरेना विलियम्‍स सिंगल्स, डबल्स और मिक्स्ड डबल्स में कुल 39 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुकी हैं (फाइल फोटो)
  • सेरेना ने कहा, मुझे उन बयानों से दूर रखें जो सही नहीं हैं
  • खेल से कहीं अधिक विवादों को कारण चर्चित रहे हैं मैकेनरो
  • कहा था-सेरेना पुरुष टेनिस में खेलतीं तो 700वें नंबर पर होतीं
न्यूयॉर्क: दुनिया की पूर्व नंबर वन महिला टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्सन ने दिग्‍गज खिलाड़ी जॉन मैकेनरो की ओर से उनके (सेरेना के) बारे में दिए गए बयान का मुंहतोड़ जवाब दिया है. गौरतलब है कि जॉन मैकेनरो को टेनिस का 'बेड बॉय' भी कहा जाता था. वे टेनिस कोर्ट पर अपने खेल के साथ विवादों के कारण भी खासे चर्चित रहे. जॉन मैकेनरो ने हाल ही में सेरेना के खिलाफ टिप्‍पणी करते हुए कहा था कि  23 बार की महिला एकल ग्रैंडस्लैम चैंपियन पुरुष टेनिस सर्किट में 700वीं रैंकिंग पर होती. सेरेना ने इसके बाद दो ट्वीट करके सात बार के पुरुष एकल चैंपियन मैकेनरो को जवाब दिया.

उन्होंने लिखा, 'प्रिय जॉन, मैं आपका सम्मान करती हूं लेकिन कृपया मुझे अपने उन बयानों से दूर रखो जो तथ्यात्मक रूप से सही नहीं हैं.' सेरेना ने फिर ट्वीट किया, 'मैं कभी उस रैंकिंग वाले के साथ नहीं खेली हूं और न ही मेरे पास समय है. मेरा और मेरी निजता का सम्मान कीजिए. आपका दिन शुभ हो सर.'
गौरतलब है कि अपने पूरे करियर के दौरान अजीबोगरीब हरकतों और बयानों के लिए मशहूर रहे मैकनरो ने अपने ताजातरीन संस्मरण 'बट सीरियसली' में अमेरिकी टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स को सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी बताया, लेकिन जब उनसे पूछा गया कि क्या ओपन युग में 23 ग्रैंड स्लैम सिंगल्स (एकल) खिताब जीत चुकीं सेरेना दुनिया की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी नहीं हैं, तो उन्होंने कहा - अगर सेरेना पुरुषों के साथ खेल रही होतीं, तो वह 700वीं रैंकिंग पातीं. हालांकि सिंगल्स, डबल्स और मिक्स्ड डबल्स में कुल 39 ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम कर चुकीं सेरेना विलियम्स की तारीफों के पुल बांधते हुए जॉन ने कहा, "इसका अर्थ यह नहीं है कि सेरेना अविश्वसनीय खिलाड़ी नहीं हैं... लेकिन सच्चाई यही है कि अगर ऐसा होता, तो ऐसा ही होता, लेकिन शायद वह कुछ ऊपर या कुछ नीचे हो सकती थीं... वैसे, अपने दिन पर सेरेना कुछ खिलाड़ियों को हरा सकती हैं... मेरा ऐसा मानना है, क्योंकि वह दिमागी तौर पर बेहद मजबूत हैं... वह ऐसे हालात से उबरने में सक्षम हैं, जिनमें अन्य खिलाड़ियों का दम फूल जाता है... ऐसा इसलिए है, क्योंकि वह इस तरह के कई हालात में बहुत बार फंस चुकी हैं - यूएस ओपन में भी, विंबलडन में भी... लेकिन अगर उन्हें पुरुषों के साथ खेलना पड़ता - वह बिल्कुल अलग ही कहानी होती."

लगभग चार साल पहले टीवी कार्यक्रम 'लेट नाइट विद डेविड लैटरमैन' पर सेरेना विलियम्स से पूछा गया था कि क्या वह पुरुष टेनिस के शीर्ष खिलाड़ि‍यों में शुमार एंडी मरे के खिलाफ प्रदर्शन मैच खेलेंगी, तो उन्होंने कहा था, "मेरे लिए, पुरुषों का टेनिस और महिलाओं का टेनिस लगभग पूरी बिल्कुल अलग-अलग खेल हैं. अगर मुझे एंडी मरे के खिलाफ खेलना पड़ता है, तो मैं पांच से छह मिनट, या ज़्यादा से ज़्यादा 10 मिनट में 6-0, 6-0 से हार जाऊंगी... नहीं, यही सच है... वह बिल्कुल अलग खेल है... पुरुष कहीं ज़्यादा तेज़ होते हैं... वे सर्विस कहीं ज़्यादा तेज़ करते हैं... वे कहीं ज़्यादा ज़ोर से गेंद को मारते हैं... वह बिल्कुल अलग खेल होता है..."
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
John Mcenroe, Serena Williams, Hits Back, Respect My Privacy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com