विज्ञापन
This Article is From Aug 09, 2016

रियो ओलिंपिक : पहले दौर से बाहर हुए तैराक सजन और शिवानी

रियो ओलिंपिक : पहले दौर से बाहर हुए तैराक सजन और शिवानी
रियो डी जेनेरियो: भारतीय खेल प्रेमियों के लिए रियो ओलिंपिक के तीसरे दिन तैराकी से एक और निराशाजनक खबर आई. सजन प्रकाश और शिवानी कटारिया क्रमश: पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई और महिलाओं की 200 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धाओं में निराशाजनक प्रदर्शन कर क्वालिफिकेशन दौर से बाहर हो गए. शिवानी जहां 43 प्रतिभागियों में 41वें स्थान पर रहीं, वहीं सजन प्रकाश 29 प्रतिभागियों में 28वें स्थान पर रहे.

शिवानी ने दो मिनट 9.30 सेकेंड का समय निकाला और शीर्ष स्थान के साथ अगले दौर में प्रवेश करने वाली अमेरिकी तैराक कैथलीन लेडेकी (1:55.01) से 14.29 सेकेंड पीछे रहीं. वहीं एक मिनट 59.37 सेकेंड का समय निकालने वाले सजन शीर्ष पर रहे हंगरी के टामस केंडेरेसी से 4.64 सेकेंड पीछे रहे.

गौरतलब है कि रियो ओलिंपिक की तैराकी स्पर्धा में भारत के यही दो प्रतिनिधि थे, जिनके बाहर होने से तैराकी से भारत की उम्मीदें भी पहले ही दौर से खत्म हो गईं.

हीट-1 में शिवानी दूसरे स्थान पर आईं तो भारत की उम्मीदें बढ़ गई थीं, लेकिन अगले छह हीट से स्पष्ट होता गया कि शिवानी सहित हीट-1 की कोई भी तैराक आगे नहीं जाने वाली. शिवानी का रिएक्शन टाइम (.78 सेकेंड) हालांकि सबसे खराब रहा.

दूसरी ओर सजन प्रकाश ने हीट-1 से ही निराश किया और पांच प्रतिभागियों के बीच वह चौथे स्थान पर रहे.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
रियो ओलिंपिक, सजन प्रकाश, शिवानी कटारिया, 200 मीटर बटरफ्लाई, 200 मीटर फ्रीस्टाइल, रियो ओलिंपिक 2016, Rio Olympic 2016, Swimmers, Sajan Prakash, Shivani Kataria
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com