विज्ञापन
This Article is From Feb 12, 2018

टेनिस: सेरेना विलियम्‍स ने बहन वीनस के साथ कोर्ट पर की वापसी

महिला टेनिस की दिग्‍गज खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने अपनी बड़ी बहन वीनस के साथ टेनिस कोर्ट पर वापसी की, जिससे अमेरिका ने फेड कप में नीदरलैंड को हरा दिया.

टेनिस: सेरेना विलियम्‍स ने बहन वीनस के साथ कोर्ट पर की वापसी
सेरेना का 2017 में ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने के बाद यह पहला प्रतिस्पर्धी मैच था (फाइल फोटो)
  • फेड कप में अमेरिका ने नीदरलैंड को पराजित किया
  • बेटी को जन्‍म देने के बाद टेनिस से दूर थीं सेरेना
  • सेरेना ने पिछले साल जीता था ऑस्‍ट्रेलियन ओपन खिताब
एशविले: महिला टेनिस की दिग्‍गज खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने अपनी बड़ी बहन वीनस के साथ टेनिस कोर्ट पर वापसी की, जिससे अमेरिका ने फेड कप में नीदरलैंड को हरा दिया. सेरेना का 2017 के ऑस्ट्रेलियन ओपन में 23वां ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने के बाद यह पहला प्रतिस्पर्धी मैच था. डबल्‍स मुकाबले के लिहाज से बात करें तो 2003 के बाद दोनों बहनों ने पहली बार इस टूर्नामेंट में डबल्‍स मुकाबला खेला है. यह 36 वर्षीय खिलाड़ी अपनी बेटी एलेक्सिस ओलंपिया के जन्म के बाद से टेनिस कोर्ट से दूर थीं. दोनों बहने एक साथ मिलकर 22 डबल्‍स खिताब जीत चुकी हैं, जिसमें से पिछला मुकाबला 2016 विम्बलडन में था.

यह भी पढ़ें: सेरेना विलियम्‍स बोलीं, आज जहां भी हूं, जो भी हूं, उसकी वजह बड़ी बहन वीनस हैं

गौरतलब है कि 36 साल की सेरेना ने टेनिस में वापसी के बाद जनवरी में अपना पहला मैच खेला था. पिछले साल सितंबर में सेरेना ने अपने पहले बच्चे को जन्म दिया था और इसके बाद वे जनवरी के पहले सप्ताह में एक प्रदर्शन मैच खेलने के लिए कोर्ट पर उतरी थीं.

वीडियो: सेरेना ने वीनस को हराकर 23वां ग्रैंडस्‍लैम जीता
सेरेना विलियम्स ने वर्ष 2017 में ऑस्‍ट्रेलियन ओपन के रूप में करियर का 23वां ग्रैंड स्लैम जीता था. इस ऐतिहासिक जीत के बाद सेरेना ने बड़ी बहन वीनस विलियम्स को अपनी सबसे बड़ी प्रेरणा बताया था. इस प्रतियोगिता के फाइनल में सेरेना ने वीनस को ही हराकर स्टेफी ग्राफ के 22 ग्रैंड स्लैम खिताब के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया था. पिछले साल ऑस्‍ट्रेलियन ओपन में जीत हासिल करने के बाद सेरेना विलियम्स ने कहा था, "वीनस के बिना 23वां ग्रैंड स्लैम जीतना कभी संभव नहीं था." उन्‍होंने कहा था, "मैं आज जहां भी हूं, जो भी हूं, वीनस के बिना संभव नहीं था. वह मेरी प्रेरणा हैं. वह एकमात्र कारण हैं, जिसकी वजह से मैं आज यहां हूं ."  (इनपुट: भाषा)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Serena Williams, First Competitive Match
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com