विज्ञापन
This Article is From Dec 23, 2015

आईटीएफ ने सानिया-हिंगिस की जोड़ी को 2015 का विश्व चैंपियन घोषित किया

आईटीएफ ने सानिया-हिंगिस की जोड़ी को 2015 का विश्व चैंपियन घोषित किया
सानिया मिर्जा और मार्टिना हिंगिस (फाइल फोटो)
लंदन: सानिया मिर्जा और मार्टिना हिंगिस की स्टार जोड़ी को अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ (आईटीएफ) ने 2015 सत्र में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मंगलवार को महिला युगल विश्व चैंपियन घोषित किया। वर्ष 2000 में एकल में विश्व चैंपियन बनी हिंगिस को 15 साल बाद दोबारा आईटीएफ विश्व चैंपियन चुना गया है।

सानिया और हिंगिस ने इस साल मार्च में जोड़ी बनाई थी और इसके बाद पूरे सत्र में इस जोड़ी का दबदबा देखने को मिला। इस जोड़ी ने विंबलडन और अमेरिकी ओपन के साथ दो ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने के अलावा सात और टूर्नामेंट भी जीते।

इस जोड़ी ने अमेरिकी ओपन की शुरुआत से पिछले 22 मैच जीते हैं और इसमें ग्वांग्झू, वुहान, बीजिंग के अलावा डब्ल्यूटीए फाइनल्स का खिताब भी शामिल है। सानिया और हिंगिस ने साल में 55 मैच जीते, जबकि सिर्फ सात गंवाए।

सानिया ने कहा, मेरे और मार्टिना के लिए शानदार साल के बाद मैं आईटीएफ से यह पुरस्कार हासिल करके काफी सम्मानित महसूस कर रही हूं। यह बेजोड़ है कि एक साथ खेलते हुए इतने कम समय के दौरान हमने इतना सब कुछ हासिल किया। मैं उन सभी की आभारी हूं जिन्होंने मेरे करियर के दौरान मेरी मदद की और उम्मीद करती हूं कि मेरी सफलता भारत में अन्य लड़कियों को प्रेरित करेगी।

आईटीएफ ने साथ ही अमेरिका की सेरेना विलियम्स और सर्बिया के नोवाक जोकोविच को 2015 का आईटीएफ विश्व चैंपियन चुना। सेरेना को छठी बार महिला विश्व चैंपियन चुना गया, जबकि जोकोविच पांचवीं बार पुरुष चैंपियन बने।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सानिया मिर्जा, मार्टिना हिंगिस, टेनिस, आईटीएफ, Sania Mirza, Martina Hingis, Tennis, ITF
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com