विज्ञापन
This Article is From Apr 16, 2015

दो वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी, एक ही शहर के दो सुपर चैंपियन...


नई दिल्‍ली : इस हफ़्ते हैदराबाद की दो स्टार खिलाड़ियों ने दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी बनने का गौरव एक साथ हासिल कर लिया है। सानिया मिर्ज़ा ने फ़ैमिली सर्कल कप का ख़िताब जीतकर वर्ल्ड नंबर 1 बनने का गौरव हासिल किया जबकि साइना नेहवाल एक बार फिर वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी बन गई हैं।

बैडमिंटन की ताज़ा वर्ल्ड रैंकिंग में साइना नेहवाल के 80191 अंक हैं। दूसरे नंबर पर स्पेन की कैरोलिना मारिन हैं 79578 अंकों के साथ और तीसरे नंबर पर चीन की ली ज़ुएरेई हैं 72964 अंकों के साथ।

बेंगलुरु के प्रकाश पादुकोण बैडमिंटन अकादमी में ट्रेनिंग करती हुई साइना नेहवाल ज़ाहिर तौर पर बेहद खुश हैं। वो मानती हैं कि उनकी किस्मत अच्छी है कि वो जल्दी ही दुबारा नंबर 1 खिलाड़ी बन गई हैं। वो इन सबके लिए अपने कोच विमल कुमार का भी शुक्रिया करते नहीं थकतीं। वो कहती हैं कि पिछले सात महीने विमल कुमार ने उनके साथ कड़ी मेहनत की है और इन सबका नतीजा है कि वो फिर से वर्ल्ड नंबर 1 बन गई हैं।

एक शहर के दो सुपर स्टार... दो ऐसे खिलाड़ी जिनका दबदबा भारत ही नहीं पूरी दुनिया में है। दुनिया के दो वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी और दोनों हैदराबाद से। दोनों के खेल अलग हैं, मैदान अलग पर अपने-अपने कोर्ट पर कारनामे करती इन दोनों वर्ल्ड चैंपियन में बहुत सी बातें एक जैसी हैं।

दोनों आज कई मैग्ज़िन की सुर्खियों पर छाई हुई हैं। प्रायोजक कंपनियां, फ़ैन्स और जानकार इनपर करोड़ों का दांव लगाने को तैयार हैं। लेकिन इस मंज़िल तक पहुंचने से पहले इन दोनों को मुश्किलों का पहाड़ पार करना पड़ा है।

साइना नेहवाल कहती हैं कि बात हैदराबाद की नहीं है। बात इंडिया की है। अच्छी बात ये है कि अब कई और युवा खिलाड़ियों के लिए वर्ल्ड नंबर 1 बनना ग़ैरमुमकिन नहीं लगेगा।

सानिया भी कुछ ऐसी ही प्रतिक्रिया दे रही हैं। वो कहती हैं कि ये कमाल का इत्तिफ़ाक है कि दोनों वर्ल्ड नंबर 1 खिलाड़ी एक ही शहर से हैं। मगर ये पूरे देश के लिए गर्व की बात है और अब कई युवा खिलाड़ी वर्ल्ड नंबर 1 बनने का ख्वाब देख सकते हैं।

सानिया मिर्ज़ा ने क़रीब दो साल पहले सिंगल्स खेलना छोड़ने का फ़ैसला किया और डबल्स में वर्ल्ड नंबर 1 बनने का ख्वाब पालने लगीं। इस बीच महिला डबल्स में उन्हें पार्टनर बदलने की ज़रूरत भी पड़ी। लेकिन सानिया ने बुलंदी पर पहुंचकर ही दम लिया।

साइना की कहानी भी कुछ ऐसी ही है। सानिया की तरह ही साइना भी लाखों युवाओं के लिए रोल मॉडल हैं। साइना पिछले पांच साल से लगातार टॉप टेन में रहते हुए चीन की मुश्किल दीवार को तोड़ती रहीं और फिर वहां पहुंच गईं जहां पहुंचने का ख्वाब दुनिया की कई खिलाड़ियों ने पाल रखा है।

दोनों के वर्ल्ड नंबर 1 बनने की खुशी हैदराबाद की आम सड़कों, स्कूलों और मैदानों पर महसूस की जा सकती है। कई युवा खिलाड़ियों को इस बात का अहसास है कि इन दोनों खिलाड़ियों को टॉप पर पहुंचने के लिए क्या कुछ करना पड़ा होगा।

ओलिंपिक पदक विजेता साइना नेहवाल और मिक्स्ड डबल्स की तीन ग्रैंड स्लैम विजेता सानिया मिर्ज़ा को विवादों के दौर से भी गुज़रना पड़ा है। लेकिन हर चुनौती को छोटा साबित करती हुईं इन खिलाड़ियों ने ना सिर्फ़ हैदराबाद बल्कि भारतीय खेलों का नाम दुनिया भर में रोशन कर दिया है।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सानिया मिर्जा, सानिया की रैंकिंग, साइना नेहवाल, वर्ल्‍ड नंबर वन, Sania Mirza, Saina Nehwal, World Number One
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com