विज्ञापन
This Article is From Sep 26, 2014

एशियाई खेल : कश्यप और सायना हारे, बैडमिंटन में खत्म हुई पदक की आस

इंचियोन (दक्षिण कोरिया):

17वें एशियाई खेलों के सातवें दिन शुक्रवार को बैडमिंटन में भारत की उम्मीदों को करारा झटका लगा और स्पर्धा से देश की पदक की उम्मीदें समाप्त हो गईं। भारत के अग्रणी पुरुष बैडमिंटन स्टार पारुपल्ली कश्यप और शीर्ष महिला खिलाड़ी सायना नेहवाल एकल स्पर्धा के अपने-अपने मुकाबले हारकर बाहर हो गए। बैडमिंटन से कांस्य के रूप में इस बार सिर्फ एक पदक मिला है, जो महिला टीम ने दिलाया।

कश्यप को शुक्रवार को प्री-क्वार्टर फाइनल में विश्व के सर्वोच्च वरीय खिलाड़ी मलेशिया के ली चोंग वेई से हार मिली जबकि सायना को क्वार्टर फाइनल में चीन की यिहान वांग से हार मिली।

चोंग वेई को कश्यप को बाहर का रास्ता दिखाने में सिर्फ 34 मिनट लगे। वह हैदराबाद निवासी कश्यप को 21-12, 21-11 से हराने में सफल रहे।

छठी वरीय सायना को चिर प्रतिद्वंद्वी दूसरी वरीय वांग ने 18-21, 21-9, 21-7 से हराया। यह मैच एक घंटे तक चला। इससे पहले पूर्व विश्व चैम्पियन वांग और सायना के बीच हुए नौ मैचों में सायना सिर्फ एक मैच जीत सकी थीं। वह मैच भी वांग के रिटायर होने के कारण सायना के पक्ष मे गया था।

शुक्रवार को लेकिन जीत के लिए दृढ़ प्रतिज्ञ सायना ने शानदार शुरुआत करते हुए पहला गेम जीत लिया। इसके बाद लेकिन ओलम्पिक कांस्य विजेता वांग ने बाजी पूरी तरह पलटते हुए अगले दो एकतरफा मुकाबले जीत लिए।

किदांबी श्रीकांत भी एकल स्पर्धा में आगे नहीं बढ़ सके। श्रीकांत को विश्व के सातवें वरीय खिलाड़ी सोन वान हो ने हराया। श्रीकांत यह मैच एक घंटे सात मिनट में 21-19, 11-21, 18-21 से हारे। बाद में मनु अत्री और एन. सिक्की रेड्डी को मिश्रित युगल के अंतिम-16 दौर के मुकाबले में हार मिली। मनु और सिक्की को सिंगापुर के डैनी क्रिस्टीना और यू वान वानेसा नियो की जोड़ी ने 21-18, 21-23, 21-15 से हराया। यह मैच 49 मिनट चला।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
एशियाई खेल, एशियन गेम्स 2014, बैडमिंटन, पी कश्यप, सायना नेहवाल, Asian Games 2014, Badminton, P Kashyap, Saina Nehwal
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com