विज्ञापन
This Article is From Dec 12, 2015

कोर्ट के बाहर भी रोहन बोपन्ना मेरे सबसे अच्छे दोस्त हैं : सानिया मिर्जा

कोर्ट के बाहर भी रोहन बोपन्ना मेरे सबसे अच्छे दोस्त हैं : सानिया मिर्जा
रोहन बोपन्ना और सानिया मिर्जा की फाइल तस्वीर
नई दिल्ली: रियो ओलिंपिक्स को लेकर कयास लगने शुरू हो गए हैं कि सानिया मिर्जा 2016 ओलिंपिक्स के मिक्स्ड डबल्स में अपना पार्टनर किसे चुनेंगी? भारत को अगर टेनिस से पदकों की उम्मीद है तो जाहिर तौर पर मिक्स्ड डबल्स से ही है। लेकिन मिक्स्ड डबल्स में कौन से दो खिलाड़ी इस भूमिका में भारत की नुमाइंदगी करते नजर आएंगे, इसे लेकर टेनिस प्रेमियों की बेचैनी बढ़ती जा रही है।

सानिया ने इसे लेकर कोई खुलासा तो नहीं किया, लेकिन रोहन बोपन्ना के साथ टेनिस खेलने को लेकर वो बेहद सहज हैं, इससे वो इनकार भी नहीं करतीं। सानिया वर्ल्ड नंबर 1 टेनिस खिलाड़ी हैं। वो जबरदस्त फॉर्म में हैं और इस साल उनका प्रदर्शन काबिले तारीफ रहा है। इसे मानने में किसी को कोई परेशानी नहीं होगी।

दूसरी तरफ डबल्स में रोहन बोपन्ना की वर्ल्ड रैंकिंग 9 और लिएंडर पेस की वर्ल्ड रैंकिंग 41 है। इस बात का जिक्र सानिया पहले भी कर चुकी हैं। लिएंडर पेस इस साल मार्टिना हिंगिस के साथ तीन ग्रैंड स्लैम जीत चुके हैं और जाहिर तौर पर उनकी नजर रियो ओलिंपिक्स (अपने 7वें ओलिंपिक्स) पर है।

लेकिन इंटरनेशनल प्रीमियर टेनिस लीग में सानिया और रोहन बोपन्ना माइक्रोमैक्स इंडियमन एसेस का हिस्सा
हैं और अब तक मिक्स्ड डबल्स में सिर्फ एक मैच गंवाया है। रोहन के साथ पार्टनरशिप पर पीटीआई को दिए गए एक इंटरव्यू में वो कहती हैं, "जब मैं 14 साल की थी तब रोहन मेरे पहले पार्टनर थे। मैंने उनके साथ हॉपमैन कप में भी हिस्सा लिया. और, मेरे ख्याल से हम 8-9 साल कोई मैच नहीं हारे। इतने सालों में हम एक-दूसरे के खेल को अच्छी तरह समझते हैं, बिना कहे भी एक-दूसरे की बात समझ जाते हैं।"

सानिया ये भी कहती हैं, "हमारे रिश्ते में अच्छी बात ये है कि ये सिर्फ टेनिस के इर्द-गिर्द नहीं है, इसलिए इससे फर्क नहीं पड़ता कि मुझे हमेशा उनके साथ टेनिस खेलना है, लेकिन हम एक साथ अच्छी टेनिस खेलेंगे। मैं चाहूंगी कि वो मेरे पार्टनर रहें।" लेकिन रियो ओलिंपिक्स पर पूछे जाने पर सानिया कहती हैं, "हमारे पास इस बारे में फैसला करने के लिए छह महीने हैं। तब की तब सोचेंगे।"
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
सानिया मिर्जा, रोहन बोपन्ना, लिएंडर पेस, टेनिस, रियो ओलिंपिक, Sania Mirza, Rohan Bopanna, Leander Paes, Tennis, Rio Olympics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com