विज्ञापन
This Article is From Aug 11, 2016

रियो ओलिंपिक : तीरंदाजी के प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंची दीपिका कुमारी

रियो ओलिंपिक : तीरंदाजी के प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंची दीपिका कुमारी
  • दीपिका इटली की सारतोरी को 6-2 से हराकर प्री क्वॉर्टर फाइनल में पहुंचीं
  • बारिश और हवाओं के बीच अच्छे खेल का नमूना पेश किया
  • फाइनल के लिए चीनी ताइपै की तान या तिंग से भिड़ना होगा
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
रियो डि जिनेरियो: भारत की स्टार तीरंदाज दीपिका कुमारी ने बारिश और हवाओं के बीच अच्छे खेल का नमूना पेश करते हुए रियो ओलिंपिक खेलों के व्यक्तिगत रिकर्व रैकिंग राउंड के प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. अब क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने के लिए उन्हें गुरुवार को चीनी ताइपै की तान या तिंग से भिड़ना होगा.

दीपिका ने इटली की गुएंदालिना सारतोरी को 6-2 से हराकर प्री क्वॉर्टर फाइनल में पहुंचने वाली तीसरी भारतीय तीरंदाज बनी. उनसे पहले महिला वर्ग में लैशराम बोम्बायला देवी ने और पुरुष वर्ग में अतनु दास ने अंतिम 16 में प्रवेश किया था.

दीपिका ने अब तक अपने दोनों मुकाबलों में पहले सेट में पिछड़ने के बाद वापसी की. उन्होंने सारतोरी को 24-27, 29-26, 28-26, 28-27 से पराजित किया. इस तरह से इस मैच का कुल स्कोर 109-106 रहा. झारखंड की इस तीरंदाज ने अपने पहले दौर के मुकाबले में जार्जिया की क्रिस्टीन इसेबुआ को 6-4 से हराया. दीपिका और क्रिस्टीन के बीच रोचक मुकाबला हुआ, जिसमें भारतीय तीरंदाज ने आखिर में 26-27, 29-29, 30-27, 27-29, 29-29 से जीत दर्ज की. इस तरह मैच का ओवरआल स्कोर 142-140 रहा.

वहीं सारतोरी के खिलाफ दीपिका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उन्होंने अपने पहले निशाने में केवल सात अंक बनाए. इतालवी तीरंदाज ने इसका फायदा उठाकर यह सेट आसानी से जीता. दूसरे सेट में कहानी एकदम से बदल गई और दीपिका ने दो बार 'बुल्स आई' पर निशाना साधा और मुकाबले को बराबर कर दिया. उन्होंने तीसरे सेट में भी दो बार दस अंक बनाए और अपनी प्रतिद्वंद्वी को वापसी का मौका नहीं दिया.

दीपिका ने बारिश और हवाओं के बीच धर्य से काम लिया. उन्होंने पहले सेट में एक बार दस का स्कोर बनाया, जो आखिर में इस सेट में निर्णायक साबित हुआ और वह एक अंक से इस सेट को अपने नाम करने में सफल रही. दूसरे सेट में काफी रोमांचक मुकाबला देखने को मिला. दोनों ही तीरंदाजों ने पहले दो प्रयास में दस-दस अंक बनाए, लेकिन तीसरे प्रयास में वे समान नौ अंक बना पायी और इस तरह से यह सेट 29-29 से बराबर रहा. दीपिका ने तीसरे सेट में 'परफेक्ट 10' की हैट्रिक बनाई, जिसका उनकी प्रतिद्वंद्वी के पास कोई जवाब नहीं था. चौथे सेट में हालांकि दीपिका ने 9, 9, 9 अंक बनाए, जबकि क्रिस्टीनी ने दो बार बुल्स आई को निशाना बनाया और खुद को मुकाबले में बनाए रखा. पांचवां और निर्णायक सेट में दूसरे सेट की कहानी दोहरायी गई, लेकिन दीपिका को जीत के लिए यह सेट केवल बराबर करना था, जिसमें वह सफल रही.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
रियो ओलिंपिक 2016, तीरंदाजी, दीपिका कुमारी, रियो ओलिंपिक, बोम्बायला देवी, अतनु दास, Deepika Kumari, Archery, Rio Olympics 2016, Rio Olympics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com