विज्ञापन
This Article is From Jan 11, 2017

हॉकी टीम के कप्‍तान श्रीजेश की उपलब्धि, FIH की एथलीट समिति में शामिल हुए

हॉकी टीम के कप्‍तान श्रीजेश की उपलब्धि, FIH की एथलीट समिति में शामिल हुए
गोलकीपर के रूप में श्रीजेश को काफी प्रतिष्‍ठा हासिल है (फाइल फोटो)
नई दिल्ली: भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान पीआर श्रीजेश के नाम के आगे बड़ी उपलब्धि जुड़ी है. भारतीय टीम के तेजतर्रार गोलकीपर श्रीजेश को बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के कार्यकारी बोर्ड द्वारा बोर्ड की एथलीट समिति का सदस्य बनाया गया है. इस समिति में कुल आठ हॉकी खिलाड़ी को स्‍थान मिला है, जिसमें पूर्व और मौजूदा खिलाड़ी शामिल हैं. समिति के ये सदस्य एफआईएच और एथलीटों के बीच संपर्क की जिम्‍मेदारी निभाते हैं. इनके ऊपर यह सुनिश्चित करने की भी जिम्‍मेदारी होती है कि एफआईएच के निर्णय लेने की प्रक्रिया में खिलाड़ियों के सुझाव को भी स्‍थान दिया जाए.

एफआईएच एथलीट समिति की सदस्यता मिलने पर श्रीजेश ने कहा, "मेरे लिए इस समिति का हिस्सा बनना गर्व की बात है, क्योंकि इसमें मोर्टिज फुएरेस्ते जैसे दिग्गज खिलाड़ी शामिल हैं. मैं इस जिम्मेदारी के लिए तैयार हूं." इस समिति में श्रीजेश का काम एथलीटों की ओर से एफआईएच को प्रतिक्रिया देना है. इसके साथ ही वह राष्ट्रीय टीमों के साथ कई समारोहों में बैठकों का आयोजन भी करेंगे.

श्रीजेश ने कहा, "हमें खेल के विकास और खिलाड़ियों के सुझाव तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए साथ मिलकर काम करना है. एफआईएच की ओर से खिलाड़ियों को सीधे तौर पर शामिल करना एक अच्छी पहल है." इस समय श्रीजेश 21 जनवरी से शुरू हो रही हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) की तैयारियों में लगे हुए हैं. वह इस लीग में उत्तर प्रदेश विजार्ड्स की ओर से खेलते नजर आएंगे. (एजेंसी से भी इनपुट)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
पीआर श्रीजेश, एफआईएच, समिति सदस्‍य, PR Sreejesh, FIH, Committee Member
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com