महिला युगल बैडमिंटन खिलाड़ी ज्वाला गुट्टा ने दाहिने घुटने में खिंचाव के कारण इंचियोन एशियाई खेलों से नाम वापिस ले लिया।
विश्व चैम्पियनशिप में अश्विनी पोनप्पा के साथ कांस्य पदक जीतने वाली ज्वाला के दाहिने घुटने में दर्द था। उसने डॉक्टर को दिखाया जिन्होंने उसे अगले दो सप्ताह आराम की सलाह दी है।
ज्वाला ने कहा, मैंने जब विश्व चैम्पियनशिप के बाद एशियाई खेलों की तैयारी शुरू की तो मेरे घुटनों में हल्का दर्द था। मेरे कोच ने भी कहा कि जब तक सहन हो रहा है, ठीक है, लेकिन मंगलवार को मेरे घुटने में खिंचाव आ गया। उसने कहा, इसमें सूजन थी लिहाजा मैंने दो डॉक्टरों को दिखाया, जिन्होंने मुझे 10 से 12 दिन आराम की सलाह दी। मेरे पास एशियाड से नाम वापस लेने के अलावा कोई चारा नहीं था।
मैंने अपने करियर में चोट के कारण किसी टूर्नामेंट से नाम वापिस नहीं लिया, लिहाजा यह अजीब है। ज्वाला ने कहा, अब सूजन कम है, लेकिन मैं अपने घुटनों पर ज्यादा बोझ नहीं डाल सकती। मेरी उम्र भी अब बढ रही है, लिहाजा मुझे सावधानी बरतनी होगी। उम्मीद है कि मैं यूरोपीय सर्किट पर लौटूंगी।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं