रविवार को मोकी ट्रेनिंग बेस पर खेले गए फ़ाइनल में दक्षिण कोरिया को 4-1 से हराकर भारत की जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने अपना छठा एशिया कप ख़िताब जीता. भारतीय पुरुष टीम ने लगातार चौथी बार यह कॉन्टिनेंटल खिताब जीता और एफआईएच जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली. इस मुक़ाबले में भारतीय टीम का दबदबा रहा. भारत के लिए अजीत यादव, अनमोल एक्का, प्रभदीप सिंह और आशु मौर्य ने गोल किए, जबकि कोरियाई टीम के लिए एकमात्र गोल ली मिनह्योक ने किया.
यादव ने नौवें मिनट में पहला गोल किया, जिसके बाद एक्का ने 13वें मिनट में गोल करके बढ़त को दोगुना कर दिया और पहले क्वार्टर के अंत तक भारत 2-0 से आगे हो गया. प्रभदीप ने 21वें मिनट में गोल किया. भारत ने अपना दबदबा बनाए रखा और हाफ-टाइम ब्रेक तक कोरियाई टीम पर 3-0 की बड़ी बढ़त बना ली.
रिकॉर्ड छठी बार जीता खिताब
साल 2000 की चैंपियन टीम को वापसी के लिए कुछ खास करने की ज़रूरत थी, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाए. 50वें मिनट में मौर्य ने भारत के लिए एक और गोल किया, जिससे मैच खत्म होने में 10 मिनट बाकी रहते हुए भारत को 4-0 की बड़ी बढ़त मिल गई. इसके बाद 54वें मिनट में मिनह्योक ने कोरिया के लिए एक गोल किया, लेकिन उनके इस अकेले गोल से कोई फ़र्क नहीं पड़ा और भारत ने 4-1 से मैच जीतकर छठी बार यह कॉन्टिनेंटल ख़िताब अपने नाम किया. इस जीत के साथ ही भारत ने एफआईएच जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है.
तोड़ा पाकिस्तान का रिकॉर्ड
भारत ने अब लगातार चौथी बार जूनियर हॉकी एशिया कप जीता है और लगातार तीन खिताब जीतने के मामले में पाकिस्तान के साथ बराबरी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. इस हालिया जीत से पहले भारतीय टीम ने 2015, 2023 और 2024 में ख़िताब जीते थे. भारत पहले से ही इस कॉन्टिनेंटल टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम थी. पाकिस्तान दूसरे नंबर पर था, जिसने 1988 से 1996 के बीच तीन खिताब जीते थे. कोरिया ने 2000 में एक ख़िताब जीता था, जबकि मलेशिया ने 2012 में एक बार जीत हासिल की थी.
इससे पहले, भारत की महिला टीम ने भी फ़ाइनल में चीन को 1-0 से हराकर महिला जूनियर हॉकी एशिया कप जीता था. यह भारत का लगातार तीसरा खिताब था, जिससे वे इस प्रतियोगिता में चीन और दक्षिण कोरिया के साथ सबसे सफल महिला टीमों की बराबरी पर आ गए हैं.
यह भी पढ़ें: वेस्टइंडीज दौरे की संभावति टीम, जूनियर टीम बनी चैंपियन, भारत-श्रीलंका फाइनल, पढ़ें Sports की Top-10 खबरें
यह भी पढ़ें: 42 चौके, 6 छक्के, पाकिस्तान टीम ने बनाया बलि का बकरा, अब तिहरा शतक जड़ सलमान अली आगा ने दिया करारा जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं