विज्ञापन
This Article is From Jan 24, 2013

एचआईएल : राइनोज ने विजार्ड्स को 3-1 से हराया

रांची राइनोज ने स्थानीय एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए हीरो हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के पहले संस्करण के 12वें मुकाबले में उत्तर प्रदेश विजार्ड्स को 3-1 से हरा दिया।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
रांची: रांची राइनोज ने स्थानीय एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम में गुरुवार को खेले गए हीरो हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) के पहले संस्करण के 12वें मुकाबले में उत्तर प्रदेश विजार्ड्स को 3-1 से हरा दिया।

दोनों टीमों के बीच वर्चस्व की लड़ाई के लिए हुई जोरदार भिड़ंत में राइनोज के लिए उसके मार्की खिलाड़ी मोरित्ज फुस्ते ने 28वें, निक विल्सन ने 66वें और एश्ले जैक्सन ने 70वें मिनट में गोल किया। जैक्सन ने पेनाल्टी स्ट्रोक पर गोल किया। विजार्ड्स की ओर से बराबरी का गोल 53वें मिनट में ल्यूक डोएर्नर द्वारा किया गया था।

राइनोज ने अपने घरेलू मैदान पर मैच का खाता खोलते हुए पहला गोल किया। बीरेंद्र लाकरा ने सेंटर लाइन पर से एक तेज पास फुस्ते को दिया। फुस्ते के पास उसे गोल में तब्दील करने का पर्याप्त समय था। उन्होंने स्टिक को बस गेंद से लगाया और वह विजार्ड्स के गोलकीपर को छकाते हुए गोलपोस्ट में घुस गई।

यह मैच पेनाल्टी कार्नरों की संख्या के लिए याद किया जाएगा। इसमें दोनों टीमों को कुल 12 पेनाल्टी कार्नर मिले लेकिन विजार्ड्स टीम 53वें मिनट में ही इसके माध्यम से सफलता हासिल कर सकी।

डोएर्नर ने अपने एक तेज फ्लिक पर गोल करके विजार्ड्स को मैच में वापसी कराई। इससे पहले विजार्ड्स को चार और पेनाल्टी कार्नर मिले थे लेकिन उसे सफलता नहीं मिल सकी थी।

इसके बाद भी विजार्ड्स को 59वें और 61वें मिनट में दो पेनाल्टी कार्नर मिले लेकिन उस पर गोल नहीं हो सका। इसी तरह राइनोज को भी पांच पेनाल्टी कार्नर मिले लेकिन वह एक को भी गोल में तब्दील नहीं कर सकी।

मैच के 57वें मिनट में राइनोज के मार्की खिलाड़ी फुस्ते को हरा कार्ड दिखाया गया क्योंकि उनके कोच ग्रेग क्लार्क फील्ड अम्पायर के खिलाफ छींटाकशी करते नजर आए। लीग के नियम के मुताबिक अगर कोच ऐसा करता पाया जाता है तो सबसे पहले उसका खामियाजा कप्तान को भुगतना होता है और उसे तत्काल मैदान छोड़ना पड़ता है।

66वें मिनट में राइनोज को विजार्ड्स के सर्किल के ठीक बाहर एक फ्री हिट मिला, जिसने उसकी किस्मत के दरवाजे खोल दिए। इस हिट पर न्यूजीलैंड के स्टार खिलाड़ी निक विल्सन ने गोल करके राइनोज को 2-1 से आगे कर दिया।

69वें मिनट में विजार्ड्स के गोलकीपर ने सर्किल के बिल्कुल छोर पर तेजी से गोल की तरफ बढ़ते आ रहे मनप्रीत सिंह को रोका, जिस पर रेफरी ने पेनाल्टी स्ट्रोक दे दिया। अंतिम क्षण में आए इस बदलाव से राइनोज को अनपेक्षित फायदा हुआ। जैक्सन ने इस पेनाल्टी स्ट्रोक पर 70वें मिनट में गोल करके राइनोज को 3-1 से जीत दिला दी।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
HIL, एचआईएल Ranchi Rhinos, UP Wizzards, रांची राइनोज, यूपी विजार्ड्स
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com