विज्ञापन
This Article is From Jun 01, 2018

French Open 2018: सिमोना हालेप और मारिया शारापोवा अगले दौर में, पुरुष वर्ग में स‍िलिक भी जीते

खिताब के दावेदारों में शामिल मॉरिन सिलिक और डोमीनिक थिएम ने फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल के तीसरे दौर में जगह बनाई. महिला वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्‍त सिमोना हालेप और मारिया शारापोवा भी जीत गई हैं.

French Open 2018: सिमोना हालेप और मारिया शारापोवा अगले दौर में, पुरुष वर्ग में स‍िलिक भी जीते
सिमोना हालेप ने अमेरिका की टेलर टाउनसेंड को 6-3, 6-1 से हराया (फाइल फोटो)
पेरिस: खिताब के दावेदारों में शामिल मॉरिन सिलिक और डोमीनिक थिएम ने कड़े मुकाबलों में जीत के साथ फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल के तीसरे दौर में जगह बनाई जबकि महिला वर्ग में शीर्ष वरीयता प्राप्‍त सिमोना हालेप और मारिया शारापोवा ने सीधे सेटों में जीत हासिल करते हुए अपने अभियान को आगे बढ़ाया. तीसरी वरीयता प्राप्‍त सिलिक ने कड़े मुकाबले में पोलैंड के क्वालीफायर और दुनिया के 188 वें नंबर के खिलाड़ी ह्युबर्ट हुर्काज को 6-2, 6-2, 6-7, 7-5 से हराकर आठवीं बार तीसरे दौर में स्‍थान बनाया. पेरिस में दो बार की उप विजेता हालेप ने अमेरिका की टेलर टाउनसेंड को एकतरफा मुकाबले में 6-3, 6-1 से हराया. वह अंतिम 16 में जगह बनाने के लिए अगले दौर में जर्मनी की आंद्रिया पेतकोविच से भिड़ेंगी.

यह भी पढ़ें: ब्‍लैक कैट सूट पहनकर खेलीं सेरेना, इस कारण यह सूट पहनने को हुईं मजबूर...

पिछले साल पेरिस में क्वार्टर फाइनल में पहुंचे पूर्व अमेरिकी ओपन चैंपियन सिलिक अंतिम 16 में जगह बनाने के लिए अब अमेरिका के स्टीव जानसन से भिड़ेंगे. नवविवाहित सिलिक हालांकि मैच के दौरान लय में नहीं दिखे और उन्होंने 48 विनर तो लगाए लेकिन 53 सहज गलतियां भी कीं. इस साल क्ले कोर्ट पर दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी राफेल नडाल को हराने वाले एकमात्र खिलाड़ी थिएम को भी यूनान के युवा स्टेफानोस सितसिपास के खिलाफ 6-2, 2-6, 6-4, 6-4 की जीत के दौरान काफी पसीना बहाना पड़ा. कल रात इस मैच को तीसरे दौर के बाद आज के लिए स्थगित कर दिया गया था. थिएम अगले दौर में इटली के मातियो बेरेटीनी से भिड़ेंगे. कनाडा के उभरते हुए स्टार डेनिस शापोवालोव हालांकि जर्मनी के मैक्सिमिलन मार्टर्र के हाथों 5-7, 7-6, 7-5, 6-4 की शिकस्त के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गए. दुनिया के 70 वें नंबर के खिलाड़ी 22 साल के मार्टर्र ने लगातार दूसरे ग्रैंडस्लैम के तीसरे दौर में जगह बनाई है.

वीडियो: सेरेना ने बहन वीनस को हराकर जीता 23वां ग्रैंडस्‍लैम
 फ्रेंच ओपन 2014 के सेमीफाइनल में पहुंची पेतकोविच एक समय दुनिया की शीर्ष 10 खिलाड़ियों में शामिल थी लेकिन पिछले कुछ सत्र में चोटों से परेशान रहने के बाद वह 107 वें नंबर पर खिसक गई हैं. दो बार की चैंपियन शारापोवा ने भी क्रोएशिया की डोना वेकिच को दूसरे दौर में 7-5, 6-4 से हराकर अंतिम 16 में दुनिया की पूर्व नंबर एक सेरेना विलियम्स के खिलाफ संभावित मुकाबले की ओर कदम बढ़ाए. दुनिया की पूर्व नंबर एक और 28 वीं वरीय शारापोवा अगले दौर में चेक गणराज्य की छठी वरीय कैरालिन प्लिसकोवा से भिड़ेंगी. स्पेन की तीसरी वरीयता और 2016 की चैंपियन गर्बाइन मुगुरुजा ने एकतरफा मुकाबले में फ्रांस की दुनिया की 257 वें नंबर की खिलाड़ी फियोना फेरो को 6-4, 6-3 से हराकर तीसरे दौर में स्‍थान बनाया. (इनपुट: एजेंसी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
French Open, Simona Halep, Maria Sharapova, Marin Cilic
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com