विज्ञापन
This Article is From Jun 20, 2013

चार भारतीय मुक्केबाजों ने चाइना ओपन में कांस्य पदक किए पक्के

चार भारतीय मुक्केबाजों ने गुईयांग में तीसरे चाइना ओपन मुक्केबाजी टूर्नामेंट में अपने वर्गों के सेमीफाइनल में पहुंचकर कांस्य पदक पक्के किए।
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्ली: चार भारतीय मुक्केबाजों ने गुईयांग में तीसरे चाइना ओपन मुक्केबाजी टूर्नामेंट में अपने वर्गों के सेमीफाइनल में पहुंचकर कांस्य पदक पक्के किए।

सुनील कुमार (52 किग्रा), अजय कुमार (56 किग्रा), जयदीप (75 किग्रा) और मनजीत सिंह (91 किग्रा से अधिक) ने नए ‘टेन-प्वाइंट मस्ट स्कोरिंग सिस्टम’ के अंतर्गत अंतिम चार में जगह बना ली।

क्वार्टरफाइनल में भारतीय रेलवे के सुनील ने रूस के आर्टेम मिराजाएव को पराजित किया, अब उनकी भिड़ंत स्थानीय मुक्केबाज चांग यंग से होगी।

उन्नीस वर्षीय अजय अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट खेल रहे हैं, उन्होंने फिलीपींस के मुक्केबाज निको मागलिक्यिान को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जहां उनका सामना चीन के यू लुनहाई से होगा।

मिडिलवेट मुक्केबाज जयदीप ने कजाखस्तान के मुक्केबाज चिंगिज वर्दीबेकोव को मात देकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। लेकिन भारतीय दल को महिला वर्ग में करारा झटका लगा। पिंकी जांगड़ा (51 किग्रा), प्रीति बेनीवाल (60 किग्रा) और नीतू चाहल (75 किग्रा) क्वार्टरफाइनल से आगे बढ़ने में असफल रहीं।

पिंकी को चीन की जु शिकी से, प्रीति को न्यूजीलैंड की एलेक्सिस प्रिचार्ड से और नीतू को न्यूजीलैंड की मागन आलिला माका से हार का मुंह देखना पड़ा।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
भारतीय मुक्केबाज, Indian Boxers, चाइना ओपन, China Open, कांस्य पदक
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com