विज्ञापन
This Article is From Aug 06, 2016

रियो ओलिंपिक 2016: दीपिका कुमारी ने किया निराश, क्वालीफाइंग राउंड में 20वें नंबर पर रहीं

रियो ओलिंपिक 2016: दीपिका कुमारी ने किया निराश, क्वालीफाइंग राउंड में 20वें नंबर पर रहीं
  • बोमबायला देवी लैशराम ने 638 का स्कोर किया और 24वें स्थान पर रहीं
  • लक्ष्मीरानी माझी 614 अंकों के साथ 43वें स्थान पर रहीं
  • पहली बार ओलिंपिक में हिस्सा ले रहे अतानु दास 5वें स्थान पर रहे
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
रियो डि जनेरियो: ओलिंपिक खेलों में तीरंदाजी की महिलाओं की टीम स्पर्धा में पदक जीतने के भारत की उम्मीदों को शुक्रवार को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब दीपिका कुमारी क्वालीफाइंग राउंड में निशाने से चूक गईं.

अतानु दास के शानदार प्रदर्शन के कुछ घंटों बाद भारत की स्टार तीरंदाज दीपिका निरंतरता बरकरार नहीं रख पाईं और 720 में 640 के स्कोर के साथ 20वें स्थान पर रह गईं.

अपने तीसरे ओलिंपिक में शामिल वरिष्ठ तीरंदाज बोमबायला देवी लैशराम ने 638 का स्कोर किया और 24वें स्थान पर रहीं तथा लक्ष्मीरानी माझी 614 अंकों के साथ 43वें स्थान पर रहीं.

अपने आठवें ओलिंपिक गोल्ड पर निगाहें जमाए कोरियाई खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिष्ठा के अनुसार प्रदर्शन किया और शीर्ष तीन स्थानों पर काबिज रहे.

इससे पहले अतानु दास ने धैर्य और कौशल के बेहतरीन सामंजस्य की बदौलत खराब शुरुआत से उबरते हुए ब्राजील की ऐतिहासिक सांबा स्ट्रीट पर शुरू हुए ओलिंपिक खेलों की तीरंदाजी स्पर्धा के क्वालीफिकेशन राउंड में पांचवां स्थान हासिल किया.

पहली बार ओलिंपिक में हिस्सा ले रहे दास 36 तीरों के बाद 10वें स्थान पर चल रहे थे, लेकिन बाकी बचे 36 तीरों में कोलकाता के इस 24 वर्षीय खिलाड़ी ने जोरदार वापसी की. उन्होंने आखिरी 36 तीर में 23 परफेक्ट 10 बनाए और 720 में से 683 अंक जुटाकर पांचवें स्थान पर रहे.

भारतीय तीरंदाजी टीम में दास एकमात्र पुरुष सदस्य हैं और सिर्फ व्यक्तिगत वर्ग में शिरकत कर रहे हैं, क्योंकि पुरूष टीम विश्व चैम्पियनशिप के जरिए क्वालीफाई करने में विफल रही थी. दो बार के विश्व चैम्पियन कोरिया के किम वू जिन 700 अंक के साथ विश्व रिकॉर्ड बनाते हुए शीर्ष पर रहे.

दास ने जून में अंताल्या में विश्व कप चरण तीन में वू जिन को काफी परेशान किया था, जब व्यक्तिगत कांस्य पदक के मुकाबले में भारतीय तीरंदाज 4-0 से आगे चल रहा था, लेकिन बाद में उन्हें 5-6 से शिकस्त झेलनी पड़ी. दास अब एलिमिनेशन राउंड की शुरुआत नेपाल के 60वें नंबर के जीतबहादुर मुकतान के खिलाफ करेंगे.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
ओलिंपिक, महिलाओं की टीम स्पर्धा, तीरंदाजी, दीपिका कुमारी, रियो ओलिंपिक 2016, बोमबायला देवी लैशराम, Deepika Kumari, Bombayla Devi, Atanu Das, India, Rio Olympic 2016, Archery
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com