भारत के साकेत मिनेनी और सनम सिंह की जोड़ी सोमवार को 17वें एशियाई खेलों की टेनिस स्पर्धा के पुरुष युगल वर्ग के फाइनल में हार गई। इस तरह भारत को इस स्पर्धा में रजत से ही संतोष करना पड़ा।
येरोरुमुल टेनिस परिसर में सनम और साकेत को मेजबान दक्षिण कोरिया के हाथों 0-2 से हार मिली। कोरिया के योंगक्यू लिम और हेयोन चुंग की जोड़ी ने साकेत और सनम को 7-5, 7-6 से हराया। यह मैच एक घंटा 29 मिनट चला।
पहला सेट 5-7 से गंवाने के बाद भारतीय जोड़ी ने हालात की गंभीरता को भांपते हुए मैच में वापसी की भरपूर कोशिश की। दूसरा सेट इसी कारण काफी कांटे का का रहा और टाईब्रेकर तक खिंचा।
टाइब्रेकर में हालांकि कोरियाई जोड़ी 7-2 से विजयी रही और सेट 7-6 से अपने नाम किया। पहला सेट 40 मिनट और दूसरा सेट 49 मिनट चला।
भारत को टेनिस से अब तक कुल चार पदक प्राप्त हुए हैं। इसमें साकेत और सनम के रजत के अलावा पुरुष एकल में युकी भाम्बरी द्वारा जीता गया कांस्य, युकी और द्विज शरण द्वारा पुरुष एकल में जीता गया कांस्य तथा सानिया मिजा और प्रार्थना थोम्बारे द्वारा महिला युगल में जीता गया कांस्य शामिल है।
अभी भारत को मिश्रित युगल में भी कम से कम रजत मिल सकता है। सानिया और साकेत की जोड़ी सोमवार को ही स्वर्ण पदक के मुकाबले में चीनी ताइपे के जोड़ीदारों से भिड़ेगी।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं