विज्ञापन

एशियन गेम्स में गोल्ड जीतते ही संजू देवी पर बरसे 51,00,000 रुपए, CM विष्णुदेव ने किया बड़ा ऐलान

छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने सोमवार को सीएम निवास में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की. संजू एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य हैं.

एशियन गेम्स में गोल्ड जीतते ही संजू देवी पर बरसे 51,00,000 रुपए,  CM विष्णुदेव ने किया बड़ा ऐलान
सीएम विष्णुदेव साईं के साथ संजू देवी
X (formerly Twitter)

एशियन गेम्स 2026 में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य और छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने सोमवार को सीएम निवास में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की. मुख्यमंत्री साय ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए संजू देवी को बधाई देते हुए उनका अभिनंदन किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने संजू देवी को 51 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान करने की घोषणा की.

सीएम साय ने कहा कि संजू देवी ने अपने उत्कृष्ट खेल, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ और पूरे देश का गौरव बढ़ाया है. उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायी है. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्रतिभाओं में अपार सामर्थ्य है. राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन मिले, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदेश और देश का नाम रोशन करें.

सीएम ने की संजू देवी की मेहनत और समर्पण की सराहना

मुख्यमंत्री ने संजू देवी से एशियन गेम्स के अपने अनुभवों और भारतीय टीम के शानदार प्रदर्शन के संबंध में आत्मीय बातचीत की. उन्होंने संजू देवी की मेहनत और खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उन्होंने कहा कि एक खिलाड़ी की उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं होती, बल्कि वह अपने साथ हजारों युवाओं के सपनों को भी नई उड़ान देती है. संजू देवी की सफलता प्रदेश के गांवों और छोटे शहरों में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रहे बच्चों और युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ाएगी.

उल्लेखनीय है कि जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की महिला कबड्डी स्पर्धा में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में ईरान को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया. भारतीय टीम की इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया.

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल और खिलाड़ियों के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है. हमारा संकल्प है कि प्रदेश के दूरस्थ अंचलों से निकलने वाली प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता निखारने और देश-दुनिया के खेल मंचों तक पहुंचने के पर्याप्त अवसर मिलें. संजू देवी जैसी प्रतिभाओं की उपलब्धियां इस संकल्प को और मजबूत करती हैं. संजू देवी ने सम्मान और प्रोत्साहन के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से मिला यह प्रोत्साहन उन्हें आगे और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा.

ये भी पढ़ें-  'बेटी को उस आदमी के पास क्यों भेज रहे हो,' ड्राइवर पिता ने सुने समाज के ताने, आसान नहीं था सिल्वर तक का सफर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sports News, Asian Games 2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com