भारत की पुरुष फुटबाल टीम (अंडर-23) की एशियाई खेलों में शुरुआत निराशाजनक रही। टीम को ह्वासियोंग स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स मेन स्टेडियम में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खिलाफ अपने पहले मैच में 0-5 से हार का सामना करना पड़ा।
यूएई ने पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा। शुरुआत के 20 मिनट में ही यूएई ने 3-0 की बढ़त बना रखी थी। मध्यांतर तक यही स्कोर था। यूएई कप्तान सईद अल्खतेरी ने इस मैच में हैट्रिक लगाई, जबकि अल अहबाबी ने दो गोल किए।
भारत को अपना दूसरा ग्रुप मैच जार्डन के साथ 22 सितंबर को खेलना है।
आज के मैच में भारतीय टीम मैदान पर पूरी तरह से बिखरी नजर आई। खलाड़ियों के बीच में तेलमाल की कमी रही।
यूएई की ओर से मैच का पहला गोल 14वें मिनट में अल्खतेरी ने किया। इसके दो मिनट बाद ही कप्तान ने दूसरा गोल दाग दिया। इसके बाद 20वें मिनट में अल अहबाबी ने गोल कर बढ़त 3-0 कर दी।
तीन गोल खाने के बाद भारतीय टीम ने वापसी की कोशिश की। सुनील छेत्री पेनाल्टी की एक अपील भी की जिसे रेफरी ने नकार दिया। प्रीतम कोटाल ने 35वें मिनट में गोल की कोशिश की लेकिन उनका शॉट यूएई के गोलकीपर ने रोक लिया।
भारत अभी वापसी की कोशिश कर ही रहा था कि यूएई के अल्खतेरी ने मिले एक खूबसूरत पास को अमरिंदर के पैरों के बीच से निकालते हुए भारतीय गोलपोस्ट में डाल दिया। मैच का पांचवा गोल अल अहबाबी ने मैच के आखिरी मिनटों में किया।
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं