विज्ञापन
This Article is From Jan 07, 2018

मैंगलुरु : साम्प्रदायिक हिंसा के शिकार बने बशीर की मौत, 4 लोगों ने चौक पर किया था हमला

बशीर पर हमला बजरंग दल के वालंटियर दीपक राव की उसी दिन दोपहर हुई हत्या के बदले में किया गया था.

मैंगलुरु : साम्प्रदायिक हिंसा के शिकार बने बशीर की मौत, 4 लोगों ने चौक पर किया था हमला
मैंगलुरु : साम्प्रदायिक हिंसा के शिकार बने बशीर की मौत (फाइल फोटो)
  • 47 साल के बशीर की आज सुबह साढ़े आठ बजे मौत हो गई
  • 4 लोगों ने धारदार हथियार से कोटटारा चौक पर उन पर हमला किया था
  • बजरंग दल के कार्यकर्ता की उसी दोपहर हुई थी हत्या
मैंगलुरु: सांप्रदायिक हिंसा के शिकार हुए 47 साल के बशीर की आज सुबह साढ़े आठ बजे मेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में मौत हो गयी. 3 जनवरी की शाम उन पर 4 लोगों ने धारदार हथियार से कोटटारा चौक पर हमला किया था. बशीर पर हमला बजरंग दल के वालंटियर दीपक राव की उसी दिन दोपहर हुई हत्या के बदले में किया गया था.

मैंगलुरु : भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बजरंग दल कार्यकर्ता का हुआ दाह संस्कार

बशीर को भी दीपक राव के परिवार वालों की ही तरह प्रशासन ने 10 लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया है. बशीर के परिवार ने फैसला किया है कि उसका अंतिम संस्कार बगैर किसी प्रोसेशन के किया जायेगा. हालांकि पुलिस ने पहले ही साफ कर दिया था कि  प्रोसेशन निकालने की इजाज़त नही दी जाएगी. दीपक की हत्या 3 तारीख को दोपहर में एक बजकर 30 मिनट पर कटिपल्ला में 4 लोगों ने की थी जिन्हें पुलिस ने देर शाम गिरफ्तार कर लिया.

बशीर के भी चारों हत्यारे पुलिस की गिरफ्त में हैं. बजरंग दल के साथ साथ संघ परिवार से जुड़े संगठनों का आरोप है कि दीपक राव के साथ साथ दूसरे सभी कार्यकर्ताओं  की हत्या पीएफआई ने की है जबकि पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया इससे इनकार कर रहा है.

VIDEO- पुलिस सुरक्षा के बीच हिंदूवादी नेता दीपक राव का हुआ अंतिम संस्कार

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैय्या ने कहा है कि चाहे पीएफआई हो या फिर बजरंग दल या श्री राम सेना, जो भी साम्प्रदायिकता फैलेगा उसके खिलाफ करवाई की जाएगी. साथ में उनका कहना था कि किसी भी संगठन पर रोक लगाने का अधिकार केंद्र सरकार के पास है. फिलहाल अभी कर्नाटक सरकार की तरफ से भेजे गए विशेष पुलिस अधिकारी एडीजीपी कमल पंत और डीआईजी चंद्रशेखर वहां कैम्प कर रहे हैं.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mangaluru, Basheer
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com