राजस्थान के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर बुधवार, 15 जुलाई को बांसवाड़ा के दौरे पर गए थे. वो वहां उन्होंने महात्मा गांधी जिला अस्पताल में प्रसूताओं की मौत के मामलों की समीक्षा करने गए थे. लेकिन हॉस्पिटल में निरीक्षण के दौरान एक भावुक दृश्य देखने को मिला. अस्पताल की नर्सिंग ऑफिसर सुषमा ओझा मंत्री के सामने हाथ जोड़कर फूट-फूटकर रो पड़ीं. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और चर्चा का विषय बना हुआ है.

नर्स ने रोते हुए सबके सामने मंत्री से अपनी परेशानी बताई
Photo Credit: NDTV
क्यों रोने लगी नर्स?
सुषमा ओझा ने मंत्री को बताया कि वह पिछले करीब 10 वर्षों से महात्मा गांधी जिला अस्पताल, बांसवाड़ा में सेवाएं दे रही हैं. उनके पति राहुल ओझा, जो स्वयं भी नर्सिंग ऑफिसर थे, की करीब दो वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी. पति की मौत के बाद से वह अकेले बांसवाड़ा में नौकरी कर रही हैं, जबकि उनका परिवार जयपुर में रहता है.
भावुक होकर सुषमा ओझा ने मंत्री से कहा कि पारिवारिक परिस्थितियों के कारण उनके लिए बांसवाड़ा में अकेले रहकर नौकरी करना बेहद कठिन हो गया है. उन्होंने हाथ जोड़कर जयपुर तबादला करने की मांग की और अपनी व्यक्तिगत परिस्थितियों से अवगत कराया.

मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि नर्स के मामले के बारे में उन्हें अलग से बताएं
Photo Credit: NDTV
चिकित्सा मंत्री ने दिया आश्वासन
नर्सिंग ऑफिसर की भावुक अपील सुनकर चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनके प्रकरण पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा और नियमानुसार जल्द निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने हॉस्पिटल के अधिकारियों को इस संबंध में अलग से जानकारी देने के लिए कहा.
मंत्री के सामने हुई इस भावुक घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इस पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. फिलहाल सभी की नजर इस बात पर है कि सरकार सुषमा ओझा के तबादले के मामले में क्या निर्णय लेती है.
ये भी पढ़ें-: पति की हत्या कर जेल पहुंची सीमा को कैदी से हुआ प्यार, अब जेल में सजेगा मंडप; दोनों लेंगे सात फेरे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं