राजस्थान में बहुत जल्द वेदों की पढ़ाई करवाने वाले नए वेद विद्यालय खोले जाएंगे. प्रदेश के संस्कृत शिक्षा विभाग की आयुक्त प्रियंका जोधावत ने एनडीटीवी से एक्सक्लूसिव बातचीत में इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि प्रदेश में जल्द ही स्थायी रूप से वेद विद्यालय संचालित किए जाएंगे. इन विद्यालयों के लिए सभी संभागों में जमीन का आवंटन हो गया है. विद्यालयों के बजट के लिए सरकार के पास फाइल भेज दी गई है. जल्द ही वेद विद्यालयों का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा. आगामी एक साल के भीतर प्रत्येक संभाग में वेद विद्यालयों का निर्माण पूरा कर संचालन शुरू कर दिया जाएगा.
प्रदेश में 2500 से ज्यादा स्कूल-कॉलेज
संस्कृत शिक्षा विभाग की आयुक्त ने बताया कि राजस्थान में 1958 से संस्कृत शिक्षा विभाग संचालित है. प्रदेश में 2500 से ज्यादा संस्कृत शिक्षा के स्कूल और कॉलेज संचालित है. ब्यावर में संस्कृत शिक्षा के 21 विद्यालय संचालित है. विभाग की सबसे बड़ी प्राथमिकता संस्कृत शिक्षण संस्थानों में नामांकन बढ़ाना है. उनका कहना है कि सामान्य शिक्षा हो, या संस्कृत शिक्षा, घटते नामांकन पर विशेष ध्यान देना चाहिए. विभाग का प्रयास है कि सरकारी स्कूलों में नामांकन बढ़े. साथ ही, स्कूलों की गुणवत्ता बढ़ाने और शिक्षकों की कमी दूर करने का प्रयास भी कर रहे हैं.

संस्कृत शिक्षा विभाग की आयुक्त प्रियंका जोधावत
Photo Credit: NDTV
28 अगस्त को मनाएंगे संस्कृत दिवस
आयुक्त जोधावत ने बताया कि विभाग की ओर से इस साल विश्व संस्कृत दिवस आगामी 28 अगस्त को अजमेर में उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा. कार्यक्रम में संस्कृत के विद्वानों और स्कूल-कॉलेजों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा.
बच्चों की सुरक्षा को लेकर दिखीं संवेदनशील
आयुक्त जोधावत ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर संवेदनशील दिखाईं दी. आयुक्त ने बताया कि बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए सरकार के स्पष्ट निर्देश हैं कि विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोई भी कक्षा या स्कूल जर्जर न हो. अभी बरसात के वक्त विभाग खास मॉनिटरिंग कर रहा है. हम नहीं चाहते कि कहीं कोई हादसा हो या किसी को कोई नुकसान पहुंचे. शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि क्षेत्र में अगर कहीं जर्जर स्कूल भवन है तो सामान्य शिक्षा या स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय करके अवगत करवाएं, ताकि किसी भी तरह की कोई हानि नहीं हो.
ये भी पढ़ें-: राजस्थान में 183 RAS अधिकारियों के तबादले, प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं