अजमेर शहर में बुधवार सुबह हुई तेज बारिश के बाद दरगाह क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया. दरगाह के बाहर पहाड़ियों से आया बारिश का पानी अचानक तेज बहाव के साथ सड़क पर भर गया. इसी दौरान एक महिला जायरीन बहते पानी के बीच से होकर दरगाह में प्रवेश करने का प्रयास कर रही थी. तेज बहाव के कारण उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में बहने लगी. मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. इसी बीच वहां मौजूद एक युवक ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत महिला का हाथ पकड़ लिया और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया. युवक की सूझबूझ और फुर्ती से महिला की जान बच गई, जिससे मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली. इस पूरी घटना का लोगों ने वीडियो रिकॉर्ड कर लिया जो अब वायरल हो रहा है.
पहाड़ियों से आता है तेज पानी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज बारिश के दौरान अंदरकोट की पहाड़ियों से बड़ी मात्रा में पानी दरगाह क्षेत्र की ओर आता है, जिससे कुछ ही मिनटों में सड़कें तेज बहाव वाले नाले जैसी बन जाती हैं. इसके बावजूद कई जायरीन बहते पानी के बीच से होकर दरगाह में जाने का प्रयास करते रहे, जिससे हादसे का खतरा बना रहा.
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की कि भारी बारिश के दौरान दरगाह क्षेत्र में सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए जाएं और पानी के तेज बहाव वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही नियंत्रित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.
सुबह से तेज बारिश
अजमेर में बुधवार सुबह करीब 7 बजे से शुरू हुई बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया. लगातार बरसात से लोगों को उमस और गर्मी से बड़ी राहत मिली तथा शहर का वातावरण सुहावना हो गया. हालांकि बारिश ने शहर के ड्रेनेज सिस्टम की पोल भी खोल दी और जगह-जगह पानी भर गया.
ये भी पढ़ें-: पन्नाधाय की जाति को लेकर विवाद! राज्य को बचाने के लिए बेटे का बलिदान देने वाली वो मां गुर्जर थीं या राजपूत?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं