Rajasthan News: राजस्थान के सीकर में SSC-GD कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा में डमी कैंडिडेट बैठाकर परीक्षा दिलाने के चर्चित मामले में सीकर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 हजार रुपये के इनामी आरोपी और असली अभ्यर्थी सचिन मलिक को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था. हरियाणा और गुजरात में छिपने के बाद जैसे ही वह सीकर पहुंचा, पुलिस ने उसे दबोच लिया.
अलग-अलग शहरों में छिपता रहा आरोपी
सीकर के धोद डीवाईएसपी राजेश ढाका ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी 22 वर्षीय सचिन मलिक पुत्र जय भगवान जाट, निवासी पूर्णपुरा, जिला भिवानी (हरियाणा) है. आरोपी पहले हरियाणा में रिश्तेदारों और दोस्तों के यहां छिपा रहा, फिर नौकरी की तलाश में गुजरात गया. लेकिन उसके खिलाफ दर्ज मुकदमे के कारण पुलिस सत्यापन नहीं हो सका और नौकरी नहीं मिली. बाद में वह सीकर आया, जहां ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया.
सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा
यह पूरा मामला 7 फरवरी 2025 को सीकर के SBS शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित SSC-GD ऑनलाइन परीक्षा से जुड़ा है. परीक्षा के बाद TCS की ओर से सीसीटीवी फुटेज की जांच में खुलासा हुआ कि असली अभ्यर्थी की जगह डमी कैंडिडेट ने परीक्षा दी थी. इसके बाद सीकर के सदर थाने में मामला दर्ज किया गया.
जांच में सामने आया कि सेंटर संचालक संदीप की मुलाकात दिल्ली में सचिन मलिक से हुई थी, जहां उसने डेढ़ लाख रुपये लेकर परीक्षा पास कराने का झांसा दिया. तय योजना के अनुसार परीक्षा के दिन असली अभ्यर्थी वॉशरूम में रहा, जबकि उसकी जगह डमी कैंडिडेट ने परीक्षा दी.
फर्जीवाड़े से आई AIR 34
इसी फर्जीवाड़े के दम पर सचिन मलिक की ऑल इंडिया 34वीं रैंक आई थी. इस मामले में पहले TCS के दो कर्मचारियों, डमी कैंडिडेट और एक अन्य आरोपी को पहले. गिरफ्तार किया जा चुका है. अब असली अभ्यर्थी की गिरफ्तारी भी हो गई है, जबकि सेंटर संचालक संदीप अब भी फरार है. फर्जीवाड़ा उजागर होने के बाद SBS शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान को भर्ती परीक्षाओं के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें- डीडवाना: थाने में दलित युवक की बर्बर पिटाई, थानाधिकारी सहित 6 पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं