हर साल NEET और JEE की तैयारी करने वाले लाखों छात्र कोचिंग सेंटर्स में मोटी फीस देकर पढ़ाई करते हैं. बोर्ड एग्जाम से ज्यादा प्रेशर इन एंट्रेंस एग्जाम का होता है, यही वजह है कि हर साल दोनों परीक्षाओं में 35 लाख से ज्यादा छात्र हिस्सा लेते हैं. इसी बीच न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि सरकार इन परीक्षाओं में बड़ा बदलाव कर सकती है, जिसमें 12वीं के नंबरों को 50 प्रतिशत वेटेज देने की बात भी शामिल है. इस पूरे मामले को लेकर हमने एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा से बात की, जिन्होंने बताया कि कैसे इस फैसले का असर मेधावी छात्रों पर पड़ सकता है और सरकार को क्या करना चाहिए.
मेधावी छात्रों के लिए हो सकता है खतरनाक
एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया, मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी (NEET-UG) में पेपर लीक की समस्या को रोकने के नाम पर अब कुछ ऐसे नए प्रयोग किए जा रहे हैं, जिनका कोई ठोस आधार नहीं है. इन बेतुके प्रयोगों का सीधा नुकसान सिर्फ होनहार छात्रों को उठाना पड़ेगा और उनके साथ बड़ा अन्याय होगा.
कोचिंग माफिया पर ऐसे हो सकता है कंट्रोल
इस खबर के सामने आने के बाद कहा जा रहा है कि 12वीं के नंबरों को आधार बनाया जाता है तो कोचिंग माफिया का असर खत्म हो जाएगा. हालांकि एजुकेशन एक्सपर्ट इससे सहमत नहीं दिखाई दिए. उन्होंने कहा, अगर नीट-यूजी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए छात्रों की कोचिंग पर निर्भरता खत्म करनी है, तो स्कूलों की पढ़ाई को मजबूत करना सबसे जरूरी है.
11वीं में भी होनी चाहिए बोर्ड परीक्षा
एक्सपर्ट ने सुधारों को लेकर बताते हुए ये भी कहा कि डमी स्कूल कल्चर को रोकने के लिए 11वीं में भी बोर्ड परीक्षा जरूरी होनी चाहिए. ऐसा करने से वो छात्र पकड़ में आ जाएंगे, जो सिर्फ नाम के लिए एडमिशन लेते हैं और स्कूल नहीं जाते, यानी डमी स्कूल कल्चर अपने आप बंद हो जाएगा. छात्रों का पढ़ाई से मन हटने की बड़ी वजह 11वीं में बोर्ड परीक्षा न होना है. नीट-यूजी में 11वीं और 12वीं दोनों का सिलेबस आता है.
NEET में तय होनी चाहिए अटेंप्ट की संख्या
एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा के मुताबिक नीट में अगर वाकई कुछ बदलाव करना है तो इसमें भी जेईई की तरह अटेंप्ट की सीमा तय की जाए. फिलहाल इस परीक्षा के लिए कोई आयुसीमा या फिर परीक्षा देने की लिमिट नहीं है. अगर अटेंप्ट की संख्या और उम्र तय हो जाए, तो आधी समस्याएं वहीं खत्म हो जाएंगी. इसके अलावा जेईई की तरह दो स्तर में परीक्षा कराई जानी चाहिए, जिससे योग्य छात्रों की ही सीट मिल पाएगी और फर्जीवाड़ा करने वाले दूसरे चरण में बाहर हो जाएंगे.
ये भी पढ़ें - जारी होने वाला है NEET-UG का रिजल्ट, कैसे मिलेगा मनचाहे कॉलेज में एडमिशन? ये रहा पूरा स्टेप बाय स्टेप प्रोसेस
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं