राजस्थान के सीकर में शनिवार अलसुबह 2 इलेक्ट्रिक व्हीकल शोरूम में भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते बीएस ऑटोमोबाइल और बच्चन मोटर्स पूरी तरह आग की चपेट में आ गए. दोनों शोरूम में खड़े करीब इलेक्ट्रिक वाहन जलकर राख हो गए. बताया जा रहा है कि शोरूम में आग लगने से करीब 3 करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ है. शोरूम में आग कैसे लगी. आग पर पूरी तरह से काबू पाने में करीब ढाई घंटे लग गए.
हुंडई शोरूम से बच्चन मोटर्स तक पहुंची आग
जानकारी के अनुसार, आग की यह घटना सीकर शहर के गोकुलपुरा थाना इलाके में सर्किट हाउस के सामने हुई. आग पास स्थित हुंडई शोरूम तक भी पहुंच गई, जहां स्पेयर पार्ट्स, एयर कंडीशन सहित लाखों रुपए का सामान जल गया. गोकुलपुरा थाना पुलिस के अनुसार आग की घटना सुबह करीब 5 बजे से 4-5 मिनट पहले हुई. सबसे पहले आग बीएस ऑटोमोबाइल में लगी और कुछ ही देर में बढ़ते-बढ़ते पास स्थित बच्चन मोटर्स तक पहुंच गई.
आग पर पूरी तरह काबू पाने में करीब ढाई घंटे का समय लग गया. बीएस ऑटोमोबाइल और बच्चन मोटर्स दोनों शोरूम के मालिक भेरू सिंह शेखावत बताए जा रहे हैं. बीएस ऑटोमोबाइल में इलेक्ट्रिक स्कूटी और बाइक, जबकि बच्चन मोटर्स में इलेक्ट्रिक ऑटो व ई-रिक्शा बेचे जाते हैं. वहीं आग की लपटें पास स्थित दाईं तरफ के हुंडई शोरूम तक भी पहुंच गईं. यहां स्पेयर पार्ट्स, एयर कंडीशन सहित अन्य सामान जलने से लाखों रुपए के नुकसान की बात सामने आई है. वहीं दूसरी तरफ स्थित FIAGGIO शोरूम तक भी आग पहुंची, हालांकि वहां बड़ा नुकसान नहीं हुआ.
दोनों शोरूम में करीब 3 करोड़ की गाड़ियां जलकर राख
जानकारी के अनुसार, दोनों इलेक्ट्रिक व्हीकल शोरूम में बड़ी संख्या में वाहन खड़े होने के कारण प्रारंभिक तौर पर 3 करोड़ रुपए से अधिक के नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है. हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन जांच और संबंधित शोरूम संचालकों द्वारा किए जाने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा. प्रारंभिक रूप से पुलिस के मुताबिक अभी तक आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है.
प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या किसी इलेक्ट्रिक वाहन में आग लगने की आशंका जताई जा रही है. आग लगने का सही कारण जांच के बाद ही सामने आएगा. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सबसे पहले पूरे इलाके की बिजली सप्लाई बंद करवाई. इसके बाद सड़क की एक तरफ वाहनों की आवाजाही रुकवाकर दमकल टीमों को आग बुझाने के लिए रास्ता उपलब्ध कराया गया. करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढे़ं-
जिस कमरे में 2 दिन सोए परिजन, उसी में बक्से से मिली 2 लाशें; बचने के लिए बनाया 'दृश्यम' वाला प्लान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं