दिल्ली- कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव सचिन पायलट को पंजाब कांग्रेस का प्रभारी बनाए जाने के बाद पायलट ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात का सिलसिला शुरू कर दिया है. इसी क्रम में उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की. माना जा रहा है कि इन मुलाकातों में पंजाब कांग्रेस की मौजूदा राजनीतिक स्थिति, संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई.
संगठन को मजबूत करने पर फोकस
पंजाब कांग्रेस प्रभारी के तौर पर पायलट की नियुक्ति को पार्टी हाईकमान की महत्वपूर्ण रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है. पार्टी अगले विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करना चाहती है. पायलट को पंजाब के नेताओं के बीच समन्वय बनाने के साथ कार्यकर्ताओं में नया जोश पैदा करने की चुनौती भी होगी.

सचिन पायलट ने प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात की.
पायलट की राष्ट्रीय भूमिका भी बढ़ी
पायलट की नियुक्ति के बाद पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग समेत प्रदेश के कई नेताओं ने उनसे मुलाकात की है. पार्टी नेतृत्व का फोकस अब संगठन को एकजुट कर आम आदमी पार्टी और भाजपा के खिलाफ कांग्रेस को मजबूत करने पर है. पंजाब की जिम्मेदारी मिलने के साथ पायलट की राष्ट्रीय भूमिका भी बढ़ी है. कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें ऐसे राज्य की कमान दी है, जहां पार्टी के सामने संगठनात्मक चुनौतियों के साथ मजबूत राजनीतिक मुकाबला भी है.
अब देखना होगा कि पायलट पंजाब कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी को कितनी जल्दी खत्म कर पाते हैं और आगामी चुनाव के लिए पार्टी को किस तरह एकजुट करते हैं.
यह भी पढ़ें: निकाय चुनाव: 39 जिलों में पहले चरण का मतदान कल, स्कूल-कॉलेज सहित सभी कार्यालयों में रहेगी छुट्टी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं