राजस्थान के झालावाड़ में फूड पॉइजनिंग के चलते 300 से अधिक लोग बीमार हो गए. बताया जा रहा है कि भवानीमंडी में आयोजित लंगर के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ गई. 300 से अधिक लोगों को शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है. स्वास्थ्य विभाग ने सभी मरीजों की मॉनिटरिंग के लिए टीमों को निर्देश दिए हैं. साथ ही लोगों से अपील है कि लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल में जांच कराएं.
लंगर के बाद उल्टी-पेट दर्द की शिकायत
भवानीमंडी के मेला मैदान स्थित ईदगाह परिसर में लंगर आयोजित हुआ था. इस लंगर में सैकड़ों लोगों ने भोजन किया था. प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है. भोजन करने के कुछ घंटों बाद लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने लगी. देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचने लगे.
3500 लोगों के लिए तैयार हुआ था लंगर
आयोजन समिति के सदस्य रब्बानी ने बताया कि लगभग 3500 लोगों के लिए भोजन तैयार किया गया था. खाना बनाते समय पूरी सावधानी बरती गई थी, लेकिन आखिर गड़बड़ी कहां हुई, इसका पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने की सैंपलिंग
घटना की जानकारी मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लंगर में परोसे गए भोजन के नमूने जांच के लिए भेज दिए. रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी. चिकित्सा अधिकारियों के अनुसार, सभी में फूड पॉइजनिंग जैसे लक्षण पाए गए हैं और उनका उपचार शहर के विभिन्न अस्पतालों में जारी है. अस्पतालों में मरीजों की भीड़ के चलते स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं.
यह भी पढ़ेंः राजस्थान में पंचायत-निकाय चुनाव की टलती रही तारीखें, अब हाईकोर्ट में आज का दिन अहम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं