जोधपुर. नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं. प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया के बीच भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सोमवार को जोधपुर पहुंचे. लघु उद्योग भारती सभागार में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ नगर निगम चुनाव को लेकर बैठक की. मदन राठौड़ ने कहा कि जोधपुर नगर निगम में एक बार फिर भाजपा का बोर्ड बनाने के लिए जमीनी स्तर पर सक्रिय और जीताऊ प्रत्याशियों को टिकट दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाकर पार्टी नगर निकाय चुनाव में जीत दर्ज करेगी.
कई स्तर पर कराए जा रहे सर्वे
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने कहा कि प्रत्याशियों के चयन को लेकर कई स्तरों पर सर्वे करवाए जा रहे हैं. संगठन, स्थानीय कार्यकर्ताओं और अन्य माध्यमों से मिले फीडबैक के आधार पर जनता की पसंद वाले प्रत्याशी को मैदान में उतारा जाएगा. उन्होंने कहा कि भाजपा में टिकट के लिए आवेदन करने वाला हर कार्यकर्ता पार्टी की पूंजी है और टिकट नहीं मिलने पर भी कार्यकर्ता संगठन के लिए समर्पित होकर काम करेगा.
स्थानीय कार्यकर्ताओं को मिलेगी प्राथमिकता
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी यथासंभव उसी वार्ड के योग्य और स्थानीय कार्यकर्ता को मौका देगी. जरूरत पड़ने पर वार्ड की कोर कमेटी विचार कर निर्णय करेगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा पैराशूट उम्मीदवार नहीं उतारेगी और स्थानीय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता दी जाएगी. महिला आरक्षण को लेकर राठौड़ ने कहा कि आरक्षित सीटों पर संबंधित वर्ग को टिकट देने का प्रयास रहेगा. वहीं, किसी सामान्य वार्ड में भी यदि कोई प्रतिभाशाली महिला जनअपेक्षाओं के अनुरूप सामने आती है तो पार्टी उस पर विचार करेगी.
आज जोधपुर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री @madanrrathore ने नगर निकाय चुनाव को लेकर आयोजित महासम्मेलन में भाग लिया।
— BJP Rajasthan (@BJP4Rajasthan) August 24, 2026
महासम्मेलन में संगठन की मजबूती, आगामी चुनावी कार्यक्रमों, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता एवं चुनावी रणनीति को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
इस अवसर पर संभाग प्रभारी… pic.twitter.com/o1BBn9lM9k
नगर निकाय के चुनाव में बेहतर परिणाम की उम्मीद
राठौड़ ने दावा किया कि भाजपा प्रदेश की सभी 309 नगर निकायों में जीत की तैयारी कर रही है. उन्होंने कहा कि संगठन बूथ से लेकर शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर तक तैयार है. भाजपा में एंटी इनकंबेंसी नहीं है और इस बार नगर निकाय चुनाव में पार्टी बेहतर परिणाम हासिल करेगी. इस दौरान राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर भी निशाना साधा.
उन्होंने आरक्षण के मुद्दे पर आरोप लगाया कि विधायक और मंत्री बनने के बाद व्यक्ति क्रीमीलेयर के दायरे में आता है और उसे आरक्षण का लाभ नहीं लेना चाहिए. राठौड़ ने डोटासरा के बेटों को लेकर भी आरक्षण का लाभ लेने का आरोप लगाया और कहा कि उनके बेटों ने सामान्य श्रेणी से परीक्षाएं दी थीं.
यह भी पढे़ं-
पूनिया का 'प्लेबुक': माइक्रो मैनेजमेंट से 'रिश्तेदारी' तक, पंजाब में BJP की नई रणनीति
अभिजीत दीपके को जिसने मारा था थप्पड़, अब उसने दी धमकी- इस बार खेल खत्म कर देंगे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं