राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के लिए दोनों चरणों का मतदान संपन्न हो गया है. शुक्रवार को दूसरे चरण की वोटिंग के दौरान शुरुआती घंटों में ही जयपुर, झुंझुनू, पुष्कर सहित कई जगह ईवीएम में खराबी की सूचनाएं सामने आईं. ईवीएम के काम नहीं करने के कारण मतदान कुछ समय के लिए रुक गया जिस पर मतदाताओं ने नाराजगी जताई. इस दौरान कई जगह पर हंगामे की भी खबर सामने आई है. इन सबके पाली जिले में एक बूथ एजेंट ने घर जाकर फंदा लगाकर जान दे दी है. आरोप है कि कांग्रेस के बूथ एजेंट को धमकी दी गई, जिसके चलते उसने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली.
बूथ से घर जाकर लगाई फांसी
जानकारी के अनुसार, पाली जिले के फालना में कांग्रेस के बूथ एजेंट की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. बताया गया कि वार्ड संख्या 21 स्थित पीएमश्री स्कूल में कांग्रेस प्रत्याशी रवि के बूथ एजेंट के रूप में ड्यूटी कर रहे दिनेश पुत्र पन्नालाल मतदान केंद्र से अपने घर गए.
घर जाकर दिनेश ने फंदे पर लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई. कांग्रेस के पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़ ने आरोप लगाया कि दिनेश को धमकाया गया था. जाखड़ के मुताबिक धमकी से आहत होकर दिनेश ने यह कदम उठाया.
धमकी दिए जाने की पुलिस कर रही जांच
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने रास्ता जाम कर विरोध जताया. सूचना मिलने पर फालना थाना पुलिस मौके पर पहुंची. SHO पन्नालाल मय जाब्ता घटनास्थल पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों से समझाइश कर रास्ता खुलवाने के प्रयास में जुटे हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. दिनेश को धमकी दिए जाने के आरोपों की भी जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारण सामने आ सकेंगे.
यह भी पढे़ं- राजस्थान निकाय चुनाव में बंपर वोटिंग, जानें 6 नगर निगमों का हाल, कहां- कितने फीसदी मतदान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं