विज्ञापन

जोधपुर एयरपोर्ट 20 लाख यात्रियों की मेजबानी के लिए तैयार, पहले से 7 गुना बड़ा है ₹480 करोड़ का नया टर्मिनल

जोधपुर एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग के उद्घाटन के साथ ही 35 साल का लंबा इंतजार खत्म हुआ. यहां आने वाले लाखों यात्रियों और पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाओं का लाभ मिलेगा.

जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का लोकार्पण.

पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार (4 जुलाई) को जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का लोकार्पण किया. इस दौरान उड़ान योजना फेज-2 की भी शुरूआत हुई. कार्यक्रम में नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू, केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े भी मौजूद रहे. नए टर्मिनल के साथ ही मारवाड़ में पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर खुलने की संभावना है. पुराने टर्मिनल के मुकाबले यह करीब 7 गुना बड़ा है. 480 करोड़ रुपए की लागत से तैयार नया टर्मिनल 37 एकड़ में तैयार किया गया है. इससे यात्री क्षमता 10 गुना तक बढ़ जाएगी. इस एयरपोर्ट में एंट्री गेट से फ्लाइट में डायरेक्ट एंट्री के लिए 6 एयरोब्रिज बनाए गए हैं.  

पर्यटकों को मिलेगा विश्वस्तरीय अनुभव 

आधुनिक सुविधाओं से लैस यह टर्मिनल यात्रियों को विश्वस्तरीय यात्रा का अनुभव देगा. साथ ही यात्रियों और पर्यटकों के लिए जोधपुर के लिए नए प्रवेश द्वार के रूप में पहचान बनाएगा. यह नया टर्मिनल हर साल 20 लाख यात्रियों की आवाजाही संभालने में सक्षम होगा. 

नए टर्मिनल में हैं ये सुविधाएं

  • 240 यात्रियों के लिए चार्जिंग प्वॉइंट वाली चेयर
  • 7 इलेक्ट्रिक चार्जिंग की वाहन की सुविधा
  • आधुनिक तकनीक के साथ 3 कन्वेयर बेल्ट 
  • 2 वीआईपी लाउंज और एक एग्जीक्यूटिव लाउंज
  • विमान पार्किंग क्षमता 4 से बढ़कर 12 तक हो जाएगी.
जोधपुर का आधुनिक टर्मिनल राजस्थानी कला-संस्कृति के बेजोड़ संगम से सुसज्जित है.

जोधपुर एयरपोर्ट का आधुनिक टर्मिनल.

5 स्टार रेटिंग का लक्ष्य

यात्रियों की सुविधा के लिए यहां 20 आधुनिक चेक-इन काउंटर बनाए गए हैं, जिससे यात्रा का अनुभव पहले से अधिक आसान और सुविधाजनक होगा. इस टर्मिनल का निर्माण पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए किया गया है और इसे 5-स्टार गृह रेटिंग दिलाने का लक्ष्य रखा गया है. 

जोधपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल पर दिखेगी राजस्थानी संस्कृति की झलक.

जोधपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल पर दिखेगी राजस्थानी संस्कृति की झलक.

राजस्थान की संस्कृति की भी दिखेगी झलक

करीब 35 साल से हवाई अड्डे की बिल्डिंग का इंतजार था, जो अब खत्म हो गया है. इसे जोधपुर के ही पत्थरों से तराशते हुए हेरिटेज लुक दिया गया है. यह सिर्फ शहर के लिए नहीं, बल्कि पश्चिमी राजस्थान के लिए हवाई संपर्क का एक प्रमुख केंद्र है. राजस्थान की संस्कृति से जोड़ते हुए पर्यावरण के लिए प्राणों की आहुति देने वाली अमृता देवी और वीर दुर्गादास की पेंटिंग भी लगवाई गई है. यह भवन आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ सांस्कृतिक पहचान को भी दर्शाता है.

यह भी पढ़ेंः PM मोदी राजस्थान को देंगे ₹1 लाख करोड़ की सौगात, पचपदरा रिफाइनरी और मेट्रो से लेकर एयरपोर्ट तक क्या बदलेगा?


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Jodhpur Airport Terminal, PM Modi Rajasthan Visit, Jodhpur News, Rajasthan News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com