जयपुर के मालपुरा गेट बस स्टैंड से दिनदहाड़े नवविवाहिता के अपहरण के मामले में पुलिस जांच में एक बड़ा और चौंकाने वाला मोड़ आया है. पति की शिकायत पर दर्ज हुए इस किडनैपिंग केस का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने बताया कि यह कोई अपहरण नहीं, बल्कि महिला और उसके प्रेमी द्वारा पहले से रची गई एक सोची-समझी साजिश थी. दरअसल, शादी के बाद पहली बार ससुराल आ रही महिला ने खुद फोन कर अपने प्रेमी को बुलाया था और तय योजना के तहत कार में बैठकर उसके साथ चली गई. हालांकि, मौके पर मौजूद लोगों ने प्रेमी के दो सहयोगियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था.
अप्रैल में हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार, जयपुर निवासी 28 वर्षीय युवक की अप्रैल 2026 में अजमेर की एक युवती से शादी हुई थी. शादी के बाद युवती अपने पीहर में ही रह रही थी. 7 जुलाई को युवक पहली बार पत्नी को अपने साथ जयपुर लेकर आ रहा था. दोनों रोडवेज बस से मालपुरा गेट बस स्टैंड पहुंचे और वहां से घर जाने के लिए कैब का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान एक ब्रेजा कार वहां आकर रुकी. कार से उतरे दो युवकों ने महिला को पकड़कर वाहन में बैठा लिया.
घटना के बाद पुलिस ने पति की शिकायत पर अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की. तलाश के दौरान कुछ समय बाद महिला खुद थाने पहुंच गई. पूछताछ में उसने बताया कि वह किसी दबाव में नहीं थी, बल्कि अपनी इच्छा से प्रेमी के साथ गई थी. उसने यह भी स्वीकार किया कि अपहरण जैसा पूरा घटनाक्रम पहले से तय योजना के तहत किया गया था.
4 साल से महिला का था अफेयर
मालपुरा पुलिस की जांच में सामने आया कि युवती का पिछले चार-पांच वर्षों से एक युवक के साथ प्रेम संबंध था. दोनों ने कथित रूप से आर्य समाज मंदिर में विवाह भी किया था. इसकी जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने युवती को घर में रोक दिया और बाद में परिवार की इच्छा से उसकी शादी दूसरे युवक से कर दी. शादी के कुछ दिन बाद युवती घर से चली गई थी. इस संबंध में अजमेर में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी. करीब 45 दिन बाद पुलिस ने उसे जोधपुर से बरामद किया.
इसके बाद परिजनों ने दोबारा उसे अपने पास रखा और ससुराल भेजने की तैयारी करने लगे. इसी बीच युवती ने किसी तरह मोबाइल फोन के जरिए अपने प्रेमी से संपर्क किया और जयपुर आने की पूरी जानकारी दी. दोनों ने पहले से योजना बनाई कि मालपुरा गेट बस स्टैंड पर कार लेकर पहुंचकर उसे अपने साथ ले जाया जाएगा. प्लानिंग के अनुसार जैसे ही वहां कार पहुंची और महिला कार में बैठकर प्रेमी के साथ चली गई. हालांकि मौके पर मौजूद दो सहयोगियों को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया.
यह भी पढे़ं-
मां की हत्या कर बहन को फोन कर कहा- मैंने मार दिया; फिर बगल में लेट गया PWD में क्लर्क बेटा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं