- 2 साल से छात्र NEET की तैयारी कर रहा था.
- छात्र अपने पास मोबाइल भी नहीं रखता था.
- पुलिस छात्र के मौत के कारण का पता लगा रही है.
NEET रिजल्ट के बाद राजस्थान के सीकर में एक छात्र ने जान दे दी है. जानकारी के मुताबिक, 17 वर्षीय छात्र हॉस्टल में पंखे से तौलिए से लटकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. हालांकि, पुलिस को मौके से कोई नोट बरामद नहीं हुआ है. बताया जा रहा है कि मृतक छात्र जयपुर ग्रामीण का रहने वाला था. रविवार को जब सुबह हॉस्टल में उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो हॉस्टल स्टाफ ने खिड़की से देखा तो वह फंदे से लटका मिला. सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
NEET के साथ दी थी 12वीं की परीक्षा
उद्योग नगर थाना अधिकारी राजेश कुमार के मुताबिक, मृतक जयपुर ग्रामीण क्षेत्र का रहने वाला था और पिछले दो वर्षों से सीकर में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था. इस साल उसने 12वीं कक्षा के साथ नीट-यूजी परीक्षा (NEET UG 2026) भी दी थी. बताया जा रहा है कि रविवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर हॉस्टल स्टाफ को संदेह हुआ.
कई बार आवाज देने और गेट खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद खिड़की से देखने पर छात्र पंखे से लटका मिला. सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि छात्र ने कमरे में रखी बाल्टी को उल्टा कर उस पर खड़े होकर तौलिए से फंदा बनाया और पंखे से लटक गया.
अपने पास मोबाइल नहीं रखता था छात्र
पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि छात्र कमरे में अकेला रहता था और अपने पास मोबाइल फोन भी नहीं रखता था. पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है. छात्र के नीट परीक्षा परिणाम और अन्य परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है. अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों को लेकर स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा.
यह भी पढ़ें-
चंद दिन बाद NEET Re-Exam, पर जान गंवा बैठी राजस्थान की छात्रा; सालों की मेहनत पर फिरा पानी
Success story: रिक्शा चालक के पोते ने NEET पास कर बदल दी परिवार की किस्मत, अब बनेगा गांव का पहला डॉक्टर
| हेल्पलाइन | |
|---|---|
| वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ | 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्ध - सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक) |
| (अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ के पास जाएं) | |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं