राजस्थान में आज से विधानसभा सत्र शुरू हो गया है. विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले जयपुर की सड़कों पर हाई वोल्टेज पॉलिटिकल ड्रामा देखने को मिल रहा है. कांग्रेस के विधायक लगातार शिक्षा विभाग के नए आदेश के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. विधायकों का कहना है कि स्कूलों में फोटो-वीडियो पर प्रतिबंध और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध सरकार वहां की जमीनी हकीकत को छुपाने के लिए लगा रही है.
कांग्रेसियों ने नारेबजी की
विधायकों ने नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के नेतृत्व में आनंद पोद्दार मूक बाधिर स्कूल पहुंचकर वहां से विधानसभा तक प्रदर्शन किया. विधायक वहां से विधानसभा तक नारेबाजी करते हुए पहुंचे. नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि सरकार मनमर्जी कर रही है. जूली ने कहा कि बच्चों के लिए स्कूलों में पर्याप्त व्यवस्थाएं नहीं है, अगर उसे कोई उजागर करता है, फोटो–वीडियो लेता है, तो उस पर एक्शन लेने और पॉक्सो एक्ट लगा देने तक की चेतावनी दी जा रही है.

धरने में शामिल हुए सचिन पायलट.
स्कूलों के हालात का जायजा लेंगे
कांग्रेस का विधायक पोद्दार स्कूल में मूक–बधिर बच्चों के बीच पहुंचकर वहां के स्कूल के हालात का जायजा लेगा. विधायक अमीन कागजी, रफीक खान, अमित चाचाण, डूंगर राम गेदर ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए.
बैरिकेट्स पर चढ़ गए विधायक
इस दौरान पुलिस ने हाई कोर्ट सर्किल और विद्युत भवन के पास विधायकों को रोकने का प्रयास किया. उनके साथ कांग्रेस कार्यकर्ता भी विधानसभा पहुंच रहे थे. वहां पर उन्हें रोकने का प्रयास किया गया. इसके बाद विधायक बैरिकेट्स पर चढ़कर बैरिकेट्स को तोड़ने की कोशिश करते नजर आए. विधायक अब हाडोती द्वार पर बड़ा गेट खोलने की मांगकर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: राजस्थान विधानसभा का मानसून सत्र आज से, कांग्रेस ने बनाई सरकार को सदन के बाहर और भीतर घेरने की रणनीति
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं