विज्ञापन

कोटा में NEET छात्रा ने दी जान, छोटी बहन करती है JEE परीक्षा की तैयारी

मध्य प्रदेश के छतपुर की दो बहनें मेडिकल और इंजीनियरिंग कॉलेजों की प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोटा रहती थीं.

कोटा में NEET छात्रा ने दी जान, छोटी बहन करती है JEE परीक्षा की तैयारी
कोटा पुलिस छात्रा के जान देने के कारणों की जांच कर रही है
NDTV

राजस्थान की कोचिंग नगरी कोटा से एक बार फिर कोचिंग छात्र-छात्राओं के सुसाइड की दुखद खबर आई है. कोटा में मेडिकल कॉलेजों की प्रवेश परीक्षा नीट (NEET) की तैयारी कर रही एक छात्रा ने जान दे दी है. यह छात्रा मध्य प्रदेश की रहनेवाली थी जो कोटा में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी. छात्रा अपनी छोटी बहन के साथ रहती थी जो इंजीनियरिंग कॉलेजों की प्रवेश परीक्षा JEE की तैयारी करती है. छोटी बहन को ही सबसे पहले अनहोनी की आशंका हुई जिसके बाद पुलिस उनके रूम पर पहुंची.

छतरपुर से आई थी कोटा

कुन्हाड़ी थाना अधिकारी देवेश भारद्वाज ने बताया कि मृतका की पहचान मध्य प्रदेश के छतरपुर निवासी खुशबू के रूप में हुई है. वह अपनी छोटी बहन के साथ कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र स्थित एक फ्लैट में रह रही थी. खुशबू नीट प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी. वह पहले भी NEET की परीक्षा दे चुकी थी. उसकी छोटी बहन JEE की तैयारी कर रही है और दोनों बहनें फ्लैट में साथ रहती थीं.

बहन ने दी जानकारी

पुलिस के अनुसार मंगलवार, 25 अगस्त की शाम छोटी बहन कोचिंग के लिए गई थी.  वापस लौटने पर उसने फ्लैट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन खुशबू ने दरवाजा नहीं खोला. इसके बाद छोटी बहन ने अपनी बहन की दोस्तों को फोन किया. अनहोनी की आशंका होने पर पुलिस को सूचना दी गई.

सूचना मिलने पर कुन्हाड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने फ्लैट का दरवाजा खोला तो खुशबू पंखे से फंदे पर लटकी मिली. पुलिस छात्रा को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

परिजनों के पहुंचने पर होगा पोस्टमार्टम

पुलिस ने देर रात शव को मोर्चरी में रखवा दिया. घटनाक्रम की सूचना छात्रा के परिजनों को दे दी गई है. परिजनों के कोटा पहुंचने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सुसाइड के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें-: NIMS यूनिवर्सिटी के हॉस्टल की 15वीं मंजिल से कूदा यूपी का B.Tech छात्र, मोबाइल फोन की हो रही जांच

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Kota News, Kota Suicide, Rajasthan News, NEET Exam, Kota Coaching
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com