विज्ञापन

पंजाब की 1.37 लाख सत्कार सखियों को राखी का उपहार, भगवंत मान ने जारी की सम्मान राशि

मुख्यमंत्री ने नोट किया, “अब तक पंजीकृत 76.11 लाख महिलाओं में से 68.06 लाख महिलाओं के खातों में 2,381 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता भेजी जा चुकी है. यह देश की इकलौती ऐसी योजना है जो 18 साल से अधिक उम्र की हर महिला को बिना किसी शर्त के मान-भत्ता देती है.”

पंजाब की 1.37 लाख सत्कार सखियों को राखी का उपहार, भगवंत मान ने जारी की सम्मान राशि
  • भगवंत सिंह मान ने राखी के त्यौहार पर सत्कार सखियों को 52.20 करोड़ रुपए सम्मान राशि रूप में ट्रांसफर की.
  • मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत अब तक 76.11 लाख महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है.
  • सत्कार सखियों को प्रत्येक पंजीकरण के लिए 300 रुपए मिलेंगे.

राखी के त्यौहार पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज 1.37 लाख ‘सत्कार सखियों' को 52.20 करोड़ रुपए की सम्मान राशि ट्रांसफर कर ‘भाई' का फर्ज निभाया. इसके साथ ही उन्होंने पूरे पंजाब की महिलाओं तक ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना' पहुंचाने में सत्कार सखियों के अथक योगदान की भरपूर सराहना की. मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्कार सखियों के प्रयासों की बदौलत ही इस योजना के तहत 75 लाख से अधिक महिलाओं का पंजीकरण संभव हो सका है और योग्य लाभार्थियों के बैंक खातों में सम्मान राशि पहुँचना सुनिश्चित हुआ है.

मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक इस योजना के तहत 76.11 लाख महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है, जिनमें से 68.06 लाख महिलाओं के खातों में 2,381 करोड़ रुपए पहले ही ट्रांसफर किए जा चुके हैं. उनकी सरकार ने इस योजना से एक करोड़ महिलाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा है, जबकि सत्कार सखियों को प्रत्येक पंजीकरण के लिए 300 रुपए मिलेंगे, जिससे वे इस पहल के माध्यम से 200 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई कर सकेंगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के कल्याण के लिए पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता दृढ़ रहेगी और जब तक पंजाब में आप सरकार है, ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना' बंद नहीं होगी. इस दौरान आप पंजाब महिला विंग की अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. अमनदीप कौर, विधायक डॉ. जीवनजोत कौर, विधायक इंद्रजीत कौर तथा कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा और हरभजन सिंह ई.टी.ओ. भी मौजूद थे.

Latest and Breaking News on NDTV

एक्स पर जानकारी साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने लिखा: “राखी के पवित्र त्यौहार पर हमारी सरकार बहनों से किए वादे को पूरा कर रही है. आज मैंने गोइंदवाल साहिब में ‘सत्कार सखी सम्मान समारोह' में वर्चुअल रूप से शिरकत की. ‘मावां-धीयां सत्कार योजना' के तहत 75 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में ‘सम्मान राशि' भेजी जा रही है. उन सभी ‘सत्कार सखियों' का तहे दिल से धन्यवाद जिन्होंने जरूरतमंद परिवारों के पंजीकरण और फॉर्म भरने में मदद की. इस नेक सेवा के लिए आपका नाम इतिहास में दर्ज होगा. इस व्यापक सरकारी योजना को घर-घर पहुंचाने और महिलाओं के बैंक खातों में सम्मान राशि पहुंचाने के लिए सभी सत्कार सखियों को बहुत-बहुत मुबारकबाद और दिल से धन्यवाद.”

सत्कार सखियों को सम्मान राशि देने के लिए आयोजित समारोह के दौरान सभा को वर्चुअल रूप से संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उनकी सरकार ने राखी के त्यौहार पर पहली किस्त जारी कर महिला लाभार्थियों को रखी का विशेष तोहफा दिया है. उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने महिलाओं के मान-सम्मान में ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयह सत्कार योजना' शुरू की है. मैं बाकी बची सभी योग्य महिलाओं से अपील करता हूं कि वे इस योजना के तहत अपना पंजीकरण करवाएं और इसका लाभ उठाएं.”

मुख्यमंत्री ने बताया, “18 साल से अधिक उम्र की महिला लाभार्थियों को 1,000 रुपए की वित्तीय सहायता के मोबाइल संदेश मिल रहे हैं, जबकि अनुसूचित जाति समुदाय की महिलाओं को 1,500 रुपए मिल रहे हैं. यह सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है और पंजाब की 97 प्रतिशत महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलने की उम्मीद है. राज्य सरकार ने इस पहल के लिए बजट में 9,300 करोड़ रुपए रखे हैं.”

उन्होंने कहा, “यह वित्तीय सहायता शायद महिलाओं को अमीर तो न बनाए, लेकिन यह उन्हें मान-सम्मान और स्वाभिमान जरूर देगी. महिलाएं सबसे अधिक सम्मान की हकदार हैं और मां-बहनों के आशीर्वाद दुनिया की हर चुनौती पर जीत हासिल करने में मदद कर सकते हैं.”

Latest and Breaking News on NDTV

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि परिवार के कल्याण, लैंगिक समानता को बढ़ावा देने और सामाजिक एवं आर्थिक फैसले लेने में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए उनकी वित्तीय आजादी को मजबूत करना बहुत जरूरी है. उन्होंने आगे कहा, “हमारी सरकार महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी.”

राखी के त्यौहार पर मुख्यमंत्री ने कहा, “मैंने 1.37 लाख सत्कार सखियों को 52.20 करोड़ रुपए ट्रांसफर कर ‘भाई' का फर्ज निभाया है. ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना' को बड़ी सफलता दिलाने में सत्कार सखियों ने अहम भूमिका निभाई है, क्योंकि उनके सुहृदय प्रयासों से ही 75 लाख से अधिक महिलाओं का पंजीकरण संभव हुआ है.”

उन्होंने आगे कहा, “सत्कार सखियों ने इस योजना को पूरे पंजाब की महिलाओं तक पहुंचाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है. उनकी मेहनत की बदौलत ही 75 लाख से अधिक महिलाएं मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना से जुड़ सकी हैं.”

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि सत्कार सखियों को प्रत्येक पंजीकरण के लिए 300 रुपए मिलेंगे और 100 रुपए प्रति पंजीकरण के हिसाब से 52.20 करोड़ रुपए की पहली किस्त जारी की जा चुकी है. उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने एक करोड़ महिलाओं को योजना से जोड़ने का लक्ष्य रखा है. सत्कार सखियह इस पहल के माध्यम से 200 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई करेंगी.”

उन्होंने कहा कि जब तक पंजाब में आप सरकार है, ‘मुख्यमंत्री मा वां-धीयां सत्कार योजना' जैसी कल्याणकारी पहल बंद नहीं होगी. मुख्यमंत्री ने कहा, “जिन घरों में 3,000 से 4,500 रुपए पहले ही पहुंच चुके हैं, वहां सत्कार सखियों और महिला लाभार्थियों के बीच विश्वास का रिश्ता बन गया है. यह रिश्ता तब और मजबूत होगा, जब रखी पर नई किस्त जारी होने से लाभार्थियों के फोनों पर फिर संदेश आएंगे. मुझे उम्मीद है कि महिलाएं इस पैसे का इस्तेमाल समझदारी से नए कपड़े खरीदने, दवाइयां लेने या कर्ज चुकाने के लिए करेंगी. मुझे यह देखकर खुशी हो रही है कि इस पैसे का सही इस्तेमाल हो रहा है.”

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सत्कार सखियों को प्रेरित किया कि वे अपने द्वारा पंजीकृत किए गए परिवारों से हमेशा जुड़ी रहें और उनका ख्याल रखें. उन्होंने बातचीत खत्म करते हुए कहा, “उनकी भूमिका सिर्फ पंजीकरण तक ही सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि जरूरत पड़ने पर लाभार्थी परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए.”

इस दौरान आप पंजाब के महिला विंग की अध्यक्ष और विधायक डॉ. अमनदीप कौर ने पंजाब भर की महिलाओं तक ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना' पहुंचाने में सत्कार सखियों और समूचे महिला विंग के समर्पित योगदान की सराहना की. उन्होंने कहा कि ये बहनें सिर्फ महिलाओं के फॉर्म भरवाने में ही मदद नहीं कर रही हैं, बल्कि उनकी जिंदगी बदलने में एक बड़े सहारे का स्रोत बन रही हैं. उन्होंने आगे कहा, “महिला विंग आम आदमी पार्टी के लिए जमीनी स्तर पर काम करने वाली सबसे मजबूत ताकत के रूप में उभरा है, जो 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों में पार्टी की सत्ता में वापसी को सुनिश्चित करने के लिए सबसे अहम भूमिका निभाएगा.”

ये भी पढ़ें : मथुरा में जूस, वृंदावन में कोका-कोला, उन्नाव में बनेगी बीयर... 2900 करोड़ का निवेश, नोएडा, हाथरस में किस इडस्‍ट्री को मंजूरी?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bhagwant Mann, Raksha Bandhan Gift
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com