विज्ञापन

फिरोजपुर ट्रिपल मर्डर केस: आशीष चोपड़ा होशियारपुर केंद्रीय जेल में मृत मिला, 9 साल में दर्ज हुए 16 मामले

पंजाब के फिरोजपुर के चर्चित ट्रिपल मर्डर केस के मुख्य आरोपी और गैंगस्टर आशीष उर्फ भुवनेश चोपड़ा की होशियारपुर केंद्रीय जेल में मौत हो गई. 2017 से 2026 के बीच उस पर हत्या के प्रयास, नशा तस्करी, हथियार और डकैती समेत 16 मामले दर्ज हुए थे. (फ़िरोज़पुर से सुनील कटारिया की रिपोर्ट)

फिरोजपुर ट्रिपल मर्डर केस: आशीष चोपड़ा होशियारपुर केंद्रीय जेल में मृत मिला, 9 साल में दर्ज हुए 16 मामले
पंजाब के गैंगस्टर आशीष उर्फ भुवनेश चोपड़ा की होशियारपुर केंद्रीय जेल में मौत हो गई.
NDTV

पंजाब के फिरोजपुर के चर्चित ट्रिपल मर्डर केस के मुख्य आरोपी और नामी गैंगस्टर भुवनेश उर्फ आशीष चोपड़ा की होशियारपुर की केंद्रीय जेल में मौत हो गई. 26 अक्टूबर 2026 की देर रात आशीष की अचानक तबीयत बिगड़ी तो उसे होशियारपुर सिविल अस्पताल लाया गया. डॉक्टर दीपशी ने बताया कि जब आशीष चोपड़ा को सिविल अस्पताल लाया गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है. उसे 23 अक्टूबर को ही संगरूर जेल से होशियारपुर लाया गया था. कुछ समय से बीमार चल रहे आशीष की मौत के साथ ही उसके अपने शहर फ़िरोज़पुर में 3 सितंबर 2024 को हुए ट्रिपल मर्डर से जुड़ा मामला फिर चर्चा का केंद्र बन गया है.

फिरोजपुर के स्कूल में करता था लड़ाई-झगड़े

आशीष को जानने वालों के मुताबिक उसकी मां फ़िरोज़पुर शहर के अरुण ज्योति स्कूल में अध्यापिका थीं और पिता कारोबारी थे. आशीष के पिता का नाम हीरा लाल चोपड़ा और मां का नाम अनु चोपड़ा है. आशीष खुद भी उसी स्कूल में पढ़ता था और शुरुआत से ही बुरी संगत में पड़ गया था. उसके साथी कई बुरी आदतों के शिकार थे और वह खुद भी उनका आदी हो गया. स्कूल में लड़ाई-झगड़े और बदमाशी के किस्से आम थे. यही वह पहला पड़ाव था, जब आशीष ने अपराध की दुनिया में कदम रखा. 

firozpur triple murder main accused gangster ashish chopra dies in hoshiarpur jail

20 दिसंबर 1997 को जन्मे 28 वर्षीय आशीष ने 2017 में अपराध की दुनिया में कदम रखा. Photo Credit: NDTV

20 साल की उम्र में पहला केस

20 दिसंबर 1997 को जन्मे 28 वर्षीय आशीष ने 2017 में अपराध की दुनिया में कदम रखा, जब उसके खिलाफ पहली एफआईआर दर्ज हुई. यह पहला मामला हत्या के प्रयास से जुड़ा था. 16 दिसंबर 2017 को फ़िरोज़पुर सिटी पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 307 के तहत उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था. उस पर 2017 से 2026 तक हथियारों, हत्या के प्रयास, नशा तस्करी और डकैती समेत कुल 16 मामले दर्ज हुए.  फ़िरोज़पुर के अलावा साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) के अंतर्गत खरड़, फ़ाज़िल्का, पटियाला और अमृतसर में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं. उस पर आखिरी मामला 12 मई 2026 को फ़िरोज़पुर के थाना घल्ल खुर्द में करीब डेढ़ किलोग्राम हेरोइन बरामदगी का दर्ज किया गया था. 

जिस शहर में जन्म लिया, वहीं की जेल में मनाया 20वां जन्मदिन

फ़िरोज़पुर के आशीष चोपड़ा ने अपना 20वां जन्मदिन पहली बार जेल में मनाया. 19 दिसंबर 2017 को उसे हत्या के प्रयास के मामले में फ़िरोज़पुर की सेंट्रल जेल में बंद किया गया था. इसके बाद वह पंजाब की कई जेलों में रहा. इन जेलों में फ़िरोज़पुर, श्री मुक्तसर साहिब, संगरूर, पटियाला, फ़ाज़िल्का, फ़रीदकोट, कपूरथला और होशियारपुर की जेलें शामिल हैं. आखिरी बार उसे 23 अक्टूबर 2026 को संगरूर जेल से होशियारपुर जेल स्थानांतरित किया गया था. 

Latest and Breaking News on NDTV

फ़िरोज़पुर का ट्रिपल मर्डर कांड

मूल रूप से फ़िरोज़पुर के रहने वाले आशीष चोपड़ा का नाम 3 सितंबर 2024 को हुए चर्चित ट्रिपल मर्डर कांड में सामने आया था. इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुट गई थी. दिनदहाड़े दो युवकों और एक युवती की हत्या कर दी गई थी. हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर तीनों को मौत के घाट उतार दिया था. मृतकों में जसप्रीत कौर, दिलदीप सिंह और आकाशदीप शामिल थे. इस मामले में पंजाब पुलिस ने करीब 18 महीने बाद आशीष चोपड़ा को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया था. मार्च 2026 में गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था. मौजूदा समय में वह होशियारपुर की सेंट्रल जेल में बंद था, जहां उसकी मौत के बाद पोस्टमार्टम और न्यायिक जांच के जरिए मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा.

चिट्टे की तस्करी में भी आया था नाम

पुलिस के भरोसेमंद सूत्रों के मुताबिक आशीष के कथित तौर पर पाकिस्तान के नशा तस्करों से भी संबंध थे. उस पर पाकिस्तान से भारत में हेरोइन पहुंचाने का आरोप है. जानकारी के अनुसार, यह काम ड्रोन के जरिए किया जाता था. फ़िरोज़पुर के निकट स्थित हुसैनीवाला बॉर्डर का भी उसे फायदा मिला और उसका नाम तस्करी मामलों में सामने आया.

नवंबर 2025 में दो साथी गिरफ्तार

3 नवंबर 2025 को फ़िरोज़पुर में आशीष चोपड़ा गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था. इनके पास से 205 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी. पंजाब पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स और फ़िरोज़पुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में दोनों को पकड़ा गया था. पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने उस समय बताया था कि गिरफ्तार किए गए युवक फ़िरोज़पुर के कुंडे गांव के रशपाल उर्फ सेवक और बाडे गांव के राजीव उर्फ जस्सा हैं. ये दोनों गैंग से जुड़े एक शूटर 'यूवी' के संपर्क में थे. डीजीपी ने यह भी बताया था कि 'यूवी' मई 2025 में फ़िरोज़पुर में आशु मोंगा हत्याकांड के मामले में वांछित है.

आरोपी आशीष के खिलाफ जारी था LOC

आशीष चोपड़ा के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया गया था. जानकारी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों के समन्वय से उसकी लोकेशन मध्य एशिया के एक देश में मिली थी. इसके बाद उसे वहां से डिपोर्ट कर भारत लाया गया और फ़िरोज़पुर ट्रिपल मर्डर कांड के मुख्य आरोपी आशीष चोपड़ा को 12 मार्च 2026 को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था. इसके बाद उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया था. 

यह भी पढ़ें- बिहार टेंडर घोटाला: पांच IAS पर ED का श‍िकंजा, मोबाइल चैट ने उगले अफसरों के राज  

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com