- पठानकोट में 22 से 24 नवंबर 2026 तक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तीन दिवसीय श्री हनुमंत कथा का आयोजन होगा
- इस धार्मिक कार्यक्रम के मुख्य आयोजक AAP नेता और सुजानपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी स्वर्ण सिंह सलारिया हैं
- AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान के इस कार्यक्रम में शामिल होने की चर्चा है
पंजाब के पठानकोट में 22 से 24 नवंबर 2026 तक आयोजित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की तीन दिवसीय 'श्री हनुमंत कथा' के मुख्य आयोजक आम आदमी पार्टी के नेता और पठानकोट की सुजानपुर विधानसभा सीट से प्रत्याशी स्वर्ण सिंह सलारिया हैं. 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सत्तारूढ़ पार्टी के नेता द्वारा इस भव्य धार्मिक आयोजन को कराने और इसमें पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को आमंत्रित करने को लेकर राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा तथा विवाद छिड़ा हुआ है.
पंजाब चुनाव से पहले क्यों है चर्चा?
पठानकोट के लमीनी स्टेडियम में 22 से 24 नवंबर 2026 तक धीरेंद्र शास्त्री की कथा और दिव्य दरबार का आयोजन किया गया है. इस पूरे कार्यक्रम का आयोजन सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र से आगामी चुनाव के लिए AAP उम्मीदवार और नेता स्वर्ण सिंह सलारिया द्वारा किया जा रहा है. इस कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के भी शामिल होने की चर्चा हो रही है, जिसे आगामी चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है. इस आयोजन को 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले हिंदू मतदाताओं को साधने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है. आम आदमी पार्टी के नेता द्वारा धीरेंद्र शास्त्री का कार्यक्रम कराने पर पार्टी की वैचारिक लाइन और धर्मनिरपेक्ष छवि पर सवाल उठाए जा रहे हैं.
हालांकि इस पूरे मामले को लेकर धीरेंद्र शास्त्री ने समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव और पंजाब में अन्य नेताओं के द्वारा उनके कार्यक्रम को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि राजनीतिक नेता क्या बोलते हैं क्या नहीं उससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता मैं धर्म का प्रचार करता हूं और धर्म परिवर्तन का विरोध करता हूं.
इस पूरे मामले को लेकर आम आदमी पार्टी के सुजानपुर सीट से विधानसभा प्रत्याशी स्वर्ण सलारिया ने कहा कि ये पहले से तय एक धार्मिक कार्यक्रम है और 24 नवंबर को होने वाले दिव्य दरबार में आम आदमी पार्टी की पंजाब की पूरी लीडरशिप शामिल होगी. इसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान भी होंगे.
इस पूरे मामले को लेकर शिरोमणि अकाली दल के नेता और पार्टी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट दिलजीत सिंह चीमा ने चुटकी ली है उन्होंने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने इतने पाप कर रखे हैं कि अब कोई फर्क नहीं पड़ता कि वह किसी धार्मिक गुरु को यहां बुलाकर कौन सा धार्मिक कार्यक्रम करवाते हैं पंजाब की जनता इनके झांसे में नहीं आने वाली.
हालांकि इस पूरे मामले को लेकर पंजाब बीजेपी के नेताओं ने पूरे विवाद से किनारा कर लिया है. बीजेपी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और पंजाब के सीनियर नेता मनप्रीत बादल से जब इस मुद्दे को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने इस पूरे विवाद की जानकारी होने से ही इनकार कर दिया. मनप्रीत बादल ने कहा कि मैं धर्म की राजनीति वाली नर्सरी में नहीं पढ़ा.
यह भी पढ़ें | बीजेपी की '3D रणनीति', पंजाब-यूपी और संसद में फैसले लेने में इसलिए हो रही है देरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं