पंजाब के मालवा क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है. सीएम भगवंत सिंह मान ने मोगा में 120 बेड वाले अत्याधुनिक 'कैपिटल अस्पताल' का उद्घाटन किया है. जिससे इलाकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेगी. इसे मोगा जिले का पहला नेशनल एक्रिडेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स मान्यता प्राप्त मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अस्पताल लोगों को उनके घरों के नजदीक ही गंभीर बीमारियों का विशेष इलाज मुहैया कराएगा. सीएम ने बताया कि पात्र मरीज 'मुख्यमंत्री सेहत योजना' और 'आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना' के तहत कैशलेस इलाज का लाभ ले सकेंगे. इसके साथ ही पंजाब सरकार 1,090 आम आदमी क्लीनिकों के नेटवर्क के माध्यम से पूरे राज्य में किफायती स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार कर रही है.
मालवा के लोगों को मिलेगा फायदा: सीएम मान
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोशल मीडिया के माध्यम से बताया 'मैंने मोगा में 120 बेड वाला अत्याधुनिक कैपिटल अस्पताल पंजाब के लोगों को समर्पित किया है. आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस यह अस्पताल 'मुख्यमंत्री सेहत बीमा योजना' के तहत मुफ्त इलाज भी प्रदान करेगा. अब मालवा क्षेत्र के लोगों को मानक इलाज के लिए दूर-दराज के शहरों में नहीं जाना पड़ेगा. हम हर पंजाबी के लिए किफायती, आधुनिक और उच्च मानक वाली स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं. इस दौरान उन्होंने यह कोई राजनीतिक रैली नहीं है. यह पूरे पंजाब में विकास की रफ्तार को तेज करने के लिए हमारे निरंतर प्रयासों का हिस्सा है. शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा हमारी सरकार की दो सबसे बड़ी प्राथमिकताएं हैं क्योंकि ये सर्वांगीण विकास के सबसे मजबूत स्तंभ हैं.'
पंजाब स्कूल शिक्षा क्षेत्र में आगे
मुख्यमंत्री ने कहा 'डॉक्टरों को भगवान का दूसरा रूप माना जाता है, स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा मानवता की सेवा को समर्पित पेशे हैं. दुर्भाग्य से कुछ लोग इन पवित्र पेशों को बदनाम कर रहे हैं, लेकिन हमारी सरकार दोनों क्षेत्रों में लोगों का विश्वास बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध है. यह बहुत गर्व की बात है कि यहां आधुनिक मशीनों और प्रौद्योगिकी से लैस ऐसा अस्पताल बना है. विशेषज्ञ डॉक्टर लोगों को मानक इलाज देंगे. जब 2022 में हमारी सरकार ने बागडोर संभाली थी तो स्कूली शिक्षा में पंजाब 27वें स्थान पर था. आज निरंतर सुधारों और अथक प्रयासों के कारण पंजाब स्कूली शिक्षा में देश का नंबर एक राज्य बनकर उभरा है.
'एक समय था, जब सरकारी स्कूल सिर्फ गरीब बच्चों के लिए माने जाते थे और लोग उनका मजाक उड़ाते थे. हमने 'स्कूल्स ऑफ एमिनेंस' की स्थापना की और शिक्षा प्रणाली का कायाकल्प किया. आज पंजाब केरल को पछाड़कर स्कूली शिक्षा में देश का सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला राज्य बन गया है. 2022 में सरकारी स्कूलों के केवल 82 विद्यार्थियों ने नीट की परीक्षा पास की थी. इस साल सरकारी स्कूलों के 881 विद्यार्थियों ने नीट पास किया है, जो हमारी शिक्षा प्रणाली में आए बड़े बदलाव को दर्शाता है.'
'सड़क सुरक्षा फोर्स की शुरुआत'
मुख्यमंत्री ने बताया 'इस नए अस्पताल में पंजाब सरकार की 'मुख्यमंत्री सेहत योजना' और केंद्र सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजनाएं दोनों उपलब्ध हैं. जिससे मरीजों को अधिकतम लाभ मिलेगा. हमारी सरकार ने सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने और राज्यीय तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर कीमती जानें बचाने के लिए देश की पहली समर्पित 'सड़क सुरक्षा फोर्स' की शुरुआत की है. इस फोर्स में 1,597 विशेष रूप से प्रशिक्षित जवान और 144 अत्याधुनिक वाहन शामिल हैं. उन्होंने कहा पिछले साल फरवरी में अपनी शुरुआत से लेकर सड़क सुरक्षा फोर्स ने सड़क हादसों में होने वाली मौतों को लगभग 50 प्रतिशत तक घटाया है, साथ ही हादसे के शिकार लोगों के कीमती सामान और पैसों की सुरक्षित वापसी भी सुनिश्चित की है.'
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बताया कि चेन्नई का अपोलो अस्पताल लिवर ट्रांसप्लांट के लिए जाना जाता है और उत्तरी भारत में ऐसी बहुत कम सुविधाएं हैं. पंजाब अब दिल्ली के बाद दूसरा ऐसा राज्य बन गया है, जिसने मोहाली में लिवर ट्रांसप्लांट केंद्र स्थापित किया है. विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने और कीमती जानें बचाने की दिशा में यह एक और महत्वपूर्ण कदम है.
ये भी पढ़ेंः पंजाब की महिलाओं ने ‘मुख्यमंत्री माँवां धीयां सत्कार योजना' के तहत डीबीटी की सराहना की
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं