चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित एक डिस्को क्लब के बाहर शनिवार शाम तेज रफ्तार मर्सिडीज कार की टक्कर से दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है. घायलों का गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (जीएमसीएच)-32 में इलाज चल रहा है.
पुलिस के अनुसार, बाबूधाम कॉलोनी, सेक्टर-26 निवासी अमनजट और सेक्टर-44 निवासी अलांस प्रीत शनिवार शाम सेक्टर-26 स्थित डिस्को क्लब गए थे. क्लब से बाहर निकलते ही तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने दोनों को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद चालक बिना रुके कार लेकर फरार हो गया.
सूचना मिलते ही सेक्टर-26 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को जीएमसीएच-32 पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है.
सीसीटीवी फुटेज से आरोपी की तलाश
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. वाहन के नंबर और फरार चालक की पहचान के लिए तकनीकी सबूतों की भी मदद ली जा रही है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी. मामले में हिट एंड रन और लापरवाही से वाहन चलाने के संबंध में कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: पंजाब कांग्रेस का संकट बरकरार: प्रभारी भूपेश बघेल की 92 नेताओं से 2 घंटे मुलाकात, फिर हाथ खड़े कर निकल गए
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं