BWF World Championships: बैडमिंटन वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में बुधवार का दिन भारत के लिए मिला-जुला रहा. पीवी सिंधु और आयुष शेट्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली, जबकि लक्ष्य सेन को दूसरे दौर में अमेरिका के 18 वर्षीय गैरेट टैन के खिलाफ तीन मैच के रोमांचक मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा.
वहीं, भारतीय पुरुष डबल्स जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को अपने शुरुआती मुकाबले में वॉकओवर मिला और उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली. दिन का अंत भारत के लिए जीत के साथ हुआ, जब आयुष शेट्टी ने श्रीलंका के डुमिंदु अबेविक्रमा को 21-18, 21-10 से हराया. इसके बाद पीवी सिंधु ने कनाडा की वेन यू झांग को 21-16, 21-17 से मात देकर अगले दौर में प्रवेश किया.
दूसरे गेम में सिंधु के लिए बढ़ गई चुनौती
दूसरा गेम काफी कड़ा रहा. झांग ने सिंधु को खेल पर हावी नहीं होने दिया और शुरुआती बढ़त को पलटते हुए स्कोर 9-9 से बराबर कर दिया. इसके बाद कनाडाई खिलाड़ी इंटरवल तक 11-9 से आगे हो गईं, जिससे सिंधु के लिए चुनौती बढ़ गई.
भारतीय खिलाड़ी ने इंटरवल के बाद लगातार पांच अंक हासिल करके बाजी अपने पक्ष में कर ली. इसी के साथ सिंधु फिर से बढ़त बनाकर जीत के करीब पहुंच गईं. हालांकि, झांग ने संघर्ष जारी रखा, लेकिन जीत के करीब आते ही सिंधु ने मजबूती दिखाई. उन्होंने अपनी बढ़त का फायदा उठाते हुए दूसरा गेम 21-17 से जीता और 34 मिनट में मुकाबला अपने नाम किया.
चीन की वांग जी यी से होगा सिंधु का मुकाबला
इस जीत के साथ सिंधु 'अंतिम 16' में पहुंच गईं, जहां उनका सामना चीन की तीसरी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी वांग जी यी से होगा। वांग ने बुधवार को ही मलेशिया की करुवाथेवन लेतशाना को 21-16, 21-9 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई थी. सिंधु की यह जीत ऐसे दिन मिली जब भारत ने पुरुष सिंगल्स में आयुष शेट्टी के अगले दौर में पहुंचने का भी जश्न मनाया. भारतीय खिलाड़ी ने श्रीलंका के डुमिंडु अबेविक्रमा को 21-8, 21-10 से हराने और प्री-क्वार्टर फाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए सिर्फ 26 मिनट लिए। हालांकि, सिंधु का ध्यान अब गुरुवार को वांग के साथ होने वाले अहम मुकाबले पर है, जिसमें क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने का दांव लगा है.
ये भी पढ़ें- BWF World Championships: लक्ष्य सेन उलटफेर का शिकार, दूसरे राउंड में गैरेट टैन ने हराया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं