विज्ञापन

प्रीति का पंच, मेडल पक्का! सेमीफाइनल में पहुंची हरियाणा की शेरनी, अब गोल्ड के लिए करेंगी जंग

प्रीति पवार ने आयरलैंड की महिला मुक्केबाज निकोल क्लाइड के खिलाफ एकतरफा अंदाज में जीत हासिल करते हुए कांस्य पदक पक्का कर लिया है.

प्रीति का पंच, मेडल पक्का! सेमीफाइनल में पहुंची हरियाणा की शेरनी, अब गोल्ड के लिए करेंगी जंग
प्रीति पवार

एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता प्रीति पवार (Preeti Pawar) ने मंगलवार (28 जुलाई 2026) को राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए मुक्केबाजी में पदक पक्का कर लिया. महिलाओं के 54 किग्रा वर्ग के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में प्रीति ने उत्तरी आयरलैंड की निकोल क्लाइड को एकतरफा अंदाज में हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई और कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया. मुक्केबाजी में भारत का यह दूसरा पदक पक्का हुआ है. 

इससे पहले लवलीना बोरगोहेन के नाम इन खेलों में मुकाबले में उतरने से पहले ही पदक पक्का हो गया है. महिलाओं के 75 किग्रा वर्ग में कम मुक्केबाजों के कारण लवलीना अपना अभियान सेमीफाइनल से शुरू करेगी. 

नीली जर्सी में उतरीं 22 वर्षीय प्रीति ने पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा और सर्वसम्मत फैसले में 5-0 से जीत दर्ज की. अपने से लंबी खिलाड़ी क्लाइड के खिलाफ भारतीय मुक्केबाज ने शुरुआत से ही तेज गति, सटीक पंच और बेहतरीन रिंग रणनीति का प्रदर्शन किया.

पहले राउंड में प्रीति ने अपनी फुर्ती और आक्रामक अंदाज से प्रतिद्वंद्वी को दबाव में रखा. उन्होंने पंच की लगातार झड़ी लगाकर क्लाइड के डिफेंस को भेद दिया. जजों ने भी उनके शानदार प्रदर्शन को सराहा और चार जज ने पहला राउंड प्रीति के पक्ष में 10-9, जबकि एक जज ने 10-8 से दिया. 

प्रीति ने दूसरे राउंड में भी अपनी रफ्तार और सटीकता बरकरार रखी. उन्होंने पांचों जजों का समर्थन हासिल किया. तीन जज ने उन्हें 10-9 और दो जजों ने 10-8 से बढ़त दी, जिससे मुकाबले पर उनकी पकड़ और मजबूत हो गई.

अंतिम राउंड में बढ़त लगभग तय होने के बावजूद प्रीति ने संयम नहीं खोया. उन्होंने शानदार पंच संयोजन और सही समय पर हमले करते हुए सर्वसम्मत निर्णय से मुकाबला अपने नाम कर लिया. 

यह प्रीति पवार का राष्ट्रमंडल खेलों में पहला पदक होगा. इससे पहले उन्होंने 2022 हांगझोउ एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता था. अब उनकी नजरें फाइनल में पहुंचकर पदक का रंग बदलने पर होंगी. 

यह भी पढ़ें- 'कल रोटी के लाले थे, आज गोल्ड की तालाश, बॉक्सिंग के 5 धुरंधर रिंग में, जगी पदक की उम्मीद

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Commonwealth Games 2026, Other Sports
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com