विज्ञापन

Asian Games: नीरज चोपड़ा से मनु भाकर तक, एशियाई खेलों के लिए भारत के 492 खिलाड़ियों को मंजूरी

जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए खेल मंत्रालय ने शनिवार को 492 खिलाड़ियों वाले दल को मंजूरी दे दी, जिसमें एथलेटिक्स के खिलाड़ियों की संख्या सबसे अधिक 73 है.

Asian Games: नीरज चोपड़ा से मनु भाकर तक, एशियाई खेलों के लिए भारत के 492 खिलाड़ियों को मंजूरी
Manu Bhaker, Neeraj Chopra
X (formerly Twitter)

खेल मंत्रालय ने अगले महीने जापान में होने वाले एशियाई खेलों के लिए शनिवार को 492 खिलाड़ियों वाले दल को मंजूरी दे दी जिसमें एथलेटिक्स के खिलाड़ियों की संख्या सबसे अधिक 73 है. इस दल में 265 पुरुष और 227 महिला खिलाड़ी शामिल हैं. हालांकि, मंत्रालय ने 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक आइची-नागोया में होने वाले एशियाड के लिए अभी तक दल के साथ जाने वाले सहयोगी स्टाफ की लिस्ट जारी नहीं की है.

एक विश्वस्त सूत्र ने पीटीआई से कहा, 'सहयोगी स्टाफ की लिस्ट एक सप्ताह के भीतर या उससे भी पहले जारी कर दी जाएगी. सभी टीम के लिए फिजियो और मेडिकल स्टाफ जैसे खेल विज्ञान विशेषज्ञों की संतुलित मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए लिस्ट में फिर से बदलाव किया जा रहा है.'

डोपिंग उल्लंघन के कारण कुछ के हटे नाम

सूत्र ने कहा, 'खिलाड़ियों की लिस्ट कमोबेश वही है जिसकी सिफारिश आईओए (भारतीय ओलंपिक संघ) ने की थी. कुछ खिलाड़ियों के नाम को डोपिंग उल्लंघन के कारण हटा दिया गया है, जैसा कि पहले से दर्ज हो चुका है. हालांकि, कुछ और खिलाड़ियों को शामिल किया जा सकता है जिसके लिए हम एशियाई ओलंपिक परिषद की मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं.'

एथलेटिक्स टीम में 35 पुरुष और 38 महिलाएं

एथलेटिक्स टीम में 35 पुरुष और 38 महिलाएं हैं. इसमें दो बार के ओलंपिक पदक विजेता भाला फेंक स्टार नीरज चोपड़ा, लंबी कूद खिलाड़ी मुरली श्रीशंकर, लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह, डेकाथलॉन खिलाड़ी तेजस्विन शंकर और 100 मीटर बाधा दौड़ की धाविका ज्योति याराजी समेत कई प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं.

मनु भाकर की अगुवाई में निशानेबाजी टीम

निशानेबाजी टीम की अगुवाई दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पिस्टल निशानेबाज मनु भाकर कर रही हैं. उनके अलावा शानदार फॉर्म में चल रहीं युवा निशानेबाज सु्रुचि सिंह (पिस्टल), एलावेनिल वलारिवन (राइफल) और ईशा सिंह (पिस्टल) भी टीम में हैं. 30 सदस्यीय इस टीम में 15 पुरुष और 15 महिला निशानेबाज हैं.

भारोत्तोलन टीम में मीराबाई और ज्ञानेश्वरी देवी

भारोत्तोलन टीम में मीराबाई चानू (49 किग्रा) और ज्ञानेश्वरी देवी (53 किग्रा) प्रमुख नाम हैं. हाल के राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतकर सुर्खियों में आईं ज्ञानेश्वरी टीम का हिस्सा हैं. कुछ चयनित खिलाड़ियों के डोपिंग उल्लंघन के कारण भारोत्तोलन टीम को घटाकर पांच सदस्यीय करना पड़ा है. राष्ट्रमंडल खेलों के रजत पदक विजेता ऋषिकांत सिंह (60 किग्रा) इस टीम के एकमात्र पुरुष सदस्य हैं.

बैडमिंटन टीम 20 सदस्य

बीस सदस्यीय बैडमिंटन टीम में पी वी सिंधू, आयुष शेट्टी और लक्ष्य सेन जैसे प्रमुख नाम भी शामिल हैं. शनिवार को यहां विश्व चैंपियनशिप का कांस्य पदक जीतने वाली गायत्री गोपीचंद और त्रीसा जॉली की महिला युगल जोड़ी के अलावा सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की पुरुष युगल को भी टीम में जगह मिली है.

मुक्केबाजी टीम में  लवलीना  समेत 11 खिलाड़ी

मुक्केबाजी टीम में 11 खिलाड़ी हैं जिनमें हाल में हुए राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा), नरेन्द्र बेरवाल (+90 किग्रा) और जादूमणि सिंह (55 किग्रा) शामिल हैं. ई-स्पोर्ट प्रतियोगिता के लिए 15 खिलाड़ियों के नाम मंजूर किए गए हैं जबकि 22 नौकाचालक भी आइची-नागोया में होने वाले इन खेलों के लिए यात्रा करेंगे.

रग्बी प्रतियोगिता में केवल महिला

रग्बी प्रतियोगिता में भारत केवल महिला टीम उतारेगा जिसमें 13 खिलाड़ी हैं. वॉलीबॉल स्पर्धा में देश की ओर से केवल 12 सदस्यीय पुरुष टीम हिस्सा लेगी. सेपकटकरॉ (दक्षिण पूर्व एशियाई खेल जो वॉलीबॉल, फुटबॉल और जिम्नास्टिक का मिश्रण है) के लिए 21 खिलाड़ियों को मंजूरी दी गई है. सूची में क्रिकेट की पुरुष और महिला टीम के लिए 30 खिलाड़ी हैं.

पूरी क्षमता वाली कबड्डी टीम (12 पुरुष और 12 महिला) पिछले चरण में जीते गए दोनों स्वर्ण पदकों का बचाव करने के लिए मैदान में उतरेंगी. सात सदस्यीय टेनिस टीम में सुमित नागल एकमात्र पुरुष एकल खिलाड़ी हैं. इन खेलों में भारत की ओर से 16 पहलवान चुनौती पेश करेंगे. इनमें विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता अंतिम पंघाल (53 किग्रा) और ओलंपिक कांस्य पदक विजेता अमन सहरावत (57 किग्रा) भी शामिल हैं.

ये भी पढ़ें-  Hockey World Cup 2026: भारत की सेमीफाइनल राह हुई मुश्किल, अब किन समीकरणों पर टिकी हैं उम्मीदें?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Other Sports
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com