ग्लासगो के हाइड्रो एरेना में किंग चार्ल्स III और क्वीन कैमिला की मौजूदगी में XXIII (23वें) कॉमनवेल्थ गेम्स शुरू हो गए. क़रीब 10,000 खेलप्रेमियों की मौजूदगी में एक इंडोर स्टेडियम में 74 देशों के तकरीबन 3000 एथलीटों ने इन गेम्स के ओपनिंग सेरेमनी में हिस्सा लिया. ओपनिंग सेरेमनी के कार्यक्रम में 600 स्थानीय कलाकारों और संगीत सितारों ने स्कॉटलैंड और ग्लासगो की परंपरा और संस्कृति की झाकियों के साथ रंगारंग कार्यक्रम पेश किये.
मीराबाई बनीं ध्वज वाहक, लवलीना बनीं मशाल वाहक
भारत के 126 एथलीटों के दल की अगुआई ओलिंपिक पदक विजेता और कॉमनवेल्थ गेम्स की डबल गोल्ड मेडलिस्ट वेटलिफ़्टर मीराबाई चानू और ओलिंपिक पदक विजेता बॉक्सर लवलीना बोर्गोहैन ने की. मीराबाई टीम इंडिया की फ़्लैग बियरर और लवलीना बेटन बियरर- मशाल वाहक बनीं. उद्घाटन समारोह से पहले ही भारतीय मुक्केबाज लवलीना बोरगोहेन ने 75 किग्रा वर्ग में सेमीफाइनल में जगह पक्की कर भारत के लिए पदक पक्का कर लिया है.

Photo Credit: IANS
इस बार क्रिकेट, बैडमिंटन, कुश्ती और शूटिंग जैसे कई खेल शामिल नहीं किए गए हैं, जिनमें भारत को भर-भरकर पदक मिलते थे. 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के 210 खिलाड़ियों ने 16 गेम्स में हिस्सा लेकर 22 गोल्ड समेत कुल 61 पदक जीते थे. भारत 2022 के कॉमनवेल्थ गेम्स में चौथे नंबर पर रहा था.

Photo Credit: IANS
इस बार कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के 125 एथलीट, सामान्य और पैरा-स्पोर्ट्स के 13 खेलों में हिस्सा ले रहे हैं. भारतीय एथलीटों से वेटलिफ़्टिंग, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स और पैरा-एथलेटिक्स में ख़ासकर गोल्ड मेडल की उम्मीद की जा रही है.

Photo Credit: IANS
पहले दिन भारतीय खेमे में जीत का जश्न और डोपिंग का डंक
इन खेलों के पहले दिन लॉन बॉल्स- Lawn Bowls में भारत ने दो शानदार जीत दर्ज कीं. मगर पहले ही दिन वेटलिफ़्टिंग और जूडो में डोपिंग के 2 मामलों ने भारतीय टीम को सकते में डाल दिया. लॉन बाल्स की महिला पेयर्स टीम में रूपा रानी तिर्की और पिंकी की जोड़ी ने माल्टा की टीम को टाई-ब्रेक में हराकर जीत के साथ भारत का खाता खोला. भारतीय जोड़ी ने पहला सेट 7-1 से जीता. लेकिन दूसरे सेट में भारतीय टीम 3-4 से पिछड़ गई. भारत ने तीसरा सेट टाई ब्रेकर के ज़रिये जीत लिया.
पहले ही दिन भारत के पुरुष सिंगल्स लॉन बॉल्स में असम के 43 साल के एशियन चैंपियन पुतुल सोनोवाल ने कनाडा के मौजूदा वर्ल्ड चैंपियनरयान बेस्टर को टाई-ब्रेक में हराकर बड़ा उलटफेर कर दिया.
कॉमनवेल्थ गेम्स शुरू होने से पहले डोपिंग की वजह से भारतीय टीम को 2 बड़े झटके भी लगे. एंटी-डोपिंग नियमों के उल्लंघन के कारण भारत का वेटलिफ्टिंग कोटा 12 से घटाकर 11 कर दिया गया. इस वजह से वेटलिफ़्टर दिलबाग सिंह को टीम से बाहर होना पड़ा. वहीं, जूडो खिलाड़ी अरुण कुमार डोप टेस्ट में फेल होने की वजह से खेलों से बाहर कर दिये गए.
स्कॉटलैंड में चौथी बार; सिर्फ़ 4 वेन्यु पर हो रहे गेम्स
स्कॉटलैंड में चौथी बार और ग्लासगो में दूसरी बार इन खेलों का आयोजन किया जा रहा है. ये खेल पहले ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया में आयोजित होने थे. मगर बजट बड़ा होने की वजह से विक्टोरिया के मना करने पर ग्लासगो ने 18 महीने में इन खेलों की तैयारी पूरी कर ली. ये खेल इस बार छोटे स्तर पर ही किये जा रहे हैं जहां 10 खेलों में 74 देशों के प्रतियोगी आपस में भिड़ रहे हैं.
कौन है फिनी?
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के ओपनिंग सेरेमनी में आधिकारिक मैस्कट 'फिनी' -Finnie की मौजदगी भी दर्शकों का दिल जीतती रही. फ़िनी, स्कॉटलैंड का राष्ट्रीय पशु, एक यूनिकॉर्न (Unicorn) है. ग्लासगो का Motto-आदर्श वाक्य "टुगेदर वी कैन-Together We Can" रखा गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं