आर. प्रज्ञानंद (R Praggnanandhaa) ने शुक्रवार (5 जून, 2026) को नॉर्वे चेस चैंपियनशिप का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया. वह इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए. इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी (Gautam Adani) ने 20 वर्षीय भारतीय ग्रैंडमास्टर को बधाई दी है. गौतम अदाणी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर प्रज्ञानंद की तारीफ करते हुए लिखा, 'प्रज्ञानंद को नॉर्वे चेस टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बनने पर बधाई. यह शतरंज की दुनिया में धैर्य, बुद्धि और स्वभाव की सबसे बड़ी परीक्षा है. शतरंज के सबसे बड़े मंचों में से एक पर दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को हराना बड़ी उपलब्धि है."
अदाणी समूह के चेयरमैन ने अपने पोस्ट में आगे लिखा, प्रज्ञानंद की जीत को और भी खास बनाता है वह जज्बा, जिसके साथ वो खेलते हैं. वह एक भारतीय की तरह निडर हैं और पूरी तरह लक्ष्य पर केंद्रित. प्रज्ञानंद आप उभरते हुए युवा भारत के आत्मविश्वास के प्रतीक हैं. पूरे देश को आप पर गर्व है.'
Congratulations to Praggnanandhaa on becoming the first Indian to win the Norway Chess tournament - one of the ultimate tests of endurance, intellect and temperament in the world of chess.
— Gautam Adani (@gautam_adani) June 6, 2026
To defeat the world's absolute best on one of chess's grandest stages is a remarkable… pic.twitter.com/Cm8hncebV5
उल्लेखनीय हो कि शुक्रवार को प्रज्ञानंद ने क्लासिकल चेस इवेंट के 10वें और आखिरी राउंड में जर्मनी के विंसेंट कीमर के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की. सफेद मोहरों से खेलते हुए प्रज्ञानंद ने 45वीं चाल में जीत हासिल की और कीमर द्वारा की गई गलतियों का भरपूर फायदा उठाया. उन्होंने पांच जीत, दो हार और 2 ड्रॉ के साथ कुल 18 प्वाइंट्स के साथ टूर्नामेंट का अंत किया.
वर्ल्ड नंबर-1 मैग्नस कार्लसन को दो बार हराया
छठे दौर के बाद अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर चल रहे प्रज्ञानंद ने शानदार वापसी की. उन्होंने लगातार चार क्लासिकल मुकाबले जीतकर इतिहास रचा. इस दौरान उन्होंने विश्व नंबर एक मैग्नस कार्लसन को टूर्नामेंट में दूसरी बार हराया और डी. गुकेश के खिलाफ भी महत्वपूर्ण जीत दर्ज की. प्रज्ञानंद 2021 के बाद नॉर्वे चेस में लगातार चार क्लासिकल मुकाबले जीतने वाले केवल दूसरे खिलाड़ी बने हैं. उनसे पहले यह उपलब्धि मैग्नस कार्लसन ने हासिल की थी. प्रज्ञानंद की इस ऐतिहासिक जीत पर गौतम अदाणी सहित भारत के कई उल्लेखनीय शख्सियतों ने उनकी तारीफ की है.
यह भी पढ़ें- NDTV EXCLUSIVE: प्रज्ञानंद बन गए नॉर्वे चेस चैंपियन, प्रज्ञा का क्या है वैभव सूर्यवंशी कनेक्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं