विज्ञापन

'पापा आपके लिए खेलता था, अब पता नहीं कबतक खेल पाऊंगा', पिता के निधन से टूट गए मेसी, रोनाल्डो ने जानें क्या कहा

लियोनेल मेसी के पिता के निधन पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने दुख जताया है. उन्होंने लिखा है लियो, इस कठिन समय में तुम्हें और तुम्हारे परिवार को दिल से आलिंगन. हिम्मत बनाए रखो.

'पापा आपके लिए खेलता था, अब पता नहीं कबतक खेल पाऊंगा', पिता के निधन से टूट गए मेसी, रोनाल्डो ने जानें क्या कहा
messi

अर्जेंटीना और इंटर मियामी के स्टार फुटबॉलर लियोनेल मेसी के पिता जॉर्ज मेसी का 68 साल की उम्र में निधन हो गया है. जिसके बाद से फुटबॉल जगत में सन्नाटा पसरा हुआ है. मैदान में मेसी के सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी के रूप में विख्यात क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने भी उनके पिता के निधन पर प्रतिक्रिया दी है और दुख जताया है. जॉर्ज मेसी के निधन के बाद मेसी ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया है. जिसपर रोनाल्डो ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा है, 'लियो, इस कठिन समय में तुम्हें और तुम्हारे परिवार को दिल से आलिंगन. हिम्मत बनाए रखो.'

मेसी के करियर को बनाने में उनके पिता का था बड़ा योगदान 

लियोनेल मेसी के फुटबॉल करियर को संवारने में उनके पिता का महत्वपूर्ण योगदान था. बताया जा रहा है कि बीते शनिवार को अर्जेंटीना के रोसारियो शहर में स्थित एक अस्पताल में उनके पिता का निधन हो गया. मेसी के पिता ने अपने जीवन की आखिरी सांस 68 वर्ष के आयु में ली. 

Latest and Breaking News on NDTV

आपको बता दें कि मेसी के पिता केवल उनके पिता ही नहीं, बल्कि उनके एजेंट और बिजनेस मैनेजर भी थे. साल 2000 के शुरुआत में वह पहली बार मेसी को लेकर बार्सिलोना गए थे. जहां ट्रायल के बाद ला मासिया अकादमी के दरवाजे उनके लिए खुले. 

अकादमी में कठिन परिश्रम के बाद साल 2005 में उन्होंने पेशेवर फुटबॉल में डेब्यू किया और आठ बैलन डी'ओर (Ballon d'Or) जीतने के साथ ही वह साल 2022 में अर्जेंटीना के लिए वर्ल्ड कप जीतने में भी कामयाब रहे. 

पिता के निधन के बाद मेसी का भावुक संदेश 

'पापा, मुझे अब भी यकीन नहीं हो रहा कि आप चले गए हैं. मेरे लिए यह सोच पाना काफी मुश्किल है कि अब मैं आपको कभी देख नहीं पाऊंगा. हम कभी बात नहीं कर पाएंगे. मुझे पता है कि आप बहुत तकलीफ में थे और शायद यही बेहतर था, लेकिन आप बहुत जल्दी चले गए. हमारे पास साथ बिताने के लिए अभी बहुत कुछ बाकी था.'

उन्होंने लिखा, 'आप हमेशा चाहते थे कि मैं अपना आखिरी वर्ल्ड कप खेलूं, लेकिन टूर्नामेंट शुरू होने से कुछ दिन पहले ही आपकी तबीयत और बिगड़ गई. यह पहला मौका था जब आप किसी बड़े टूर्नामेंट में मेरे साथ नहीं थे.'

मेसी ने लिखा, 'हर मैच के बाद मैं आपके मैसेज का इंतजार करता था. मिस करता था. मुझे उसी दौरान लगा कि स्थिति सच में बहुत खराब हो गई है. इसके बावजूद मैं सोचता रहा कि अगर टूर्नामेंट आगे बढ़ता है तो शायद आपको मेरा कोई मैच देखने का मौका मिल जाए. हम फाइनल तक पहुंचे, लेकिन आप वहां मौजूद नहीं थे.'

अपने अथाह दर्द को साझा करते हुए मेसी ने आगे लिखा, 'मुझे नहीं पता कि मैं आपके बिना क्या करूंगा. मुझे समझ नहीं आ रहा कि आपके बिना जिंदगी कैसे आगे बढ़ाऊंगा. मैं सिर्फ फुटबॉल खेलता था, लेकिन अब मुझे संदेह है कि मैं इसे और कितने समय तक जारी रख पाऊंगा. आप शुरू से मेरे साथ थे और आखिर तक बस थोड़ा ही समय बाकी था. काश आप थोड़ा और रुक जाते ताकि हम यह सफर साथ पूरा कर पाते.'

उन्होंने लिखा, 'आप मेरे पिता, दोस्त और रिप्रेजेंटेटिव थे. हर परिस्थिति में आपने वही किया जो सही था और आप कभी गलत साबित नहीं हुए. छोटी-मोटी बहसों के बावजूद आखिर में हमेशा आपकी बात सही निकलती थी. आप मुझे बहुत याद आओगे. मैं आपको याद करूंगा. आप हमेशा मेरे साथ रहेंगे. खासकर मेरे बच्चों की परवरिश में, क्योंकि मैं उन्हें वैसे ही सिखाता और पालता हूं जैसे आपने मुझे पाला है.'

'अब शांति से आराम कीजिए और ऊपर से हमारा ध्यान रखिए, जैसे यहां रहते हुए रखते थे. हर चीज के लिए धन्यवाद. मैं आपसे प्यार करता हूं, पापा.' 

यह भी पढ़ें- कार बेची, नौकरी छोड़ी और निकल पड़ी संसार देखने, जानिए आरजू की कहानी, जो साइकिल से दुनिया नाप रही

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Other Sports
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com